दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 फरवरी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए शनिवार को संसद में आम बजट पेश किया। भाजपा ने जहां इस केंद्रीय आम बजट की सराहना की है, वहीं कांग्रेस ने निराशाजनक बताया है। बजट को लेकर भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
केंद्र सरकर के बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया-गजेंद्र
इस बजट पर दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बजट को हर वर्ग को ध्यान में रहने वाला एवं बेहतर जीवन देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक आर्थिकी में अपनी भूमिका और भी बड़ी करने जा रहा है। बजट में मां लक्ष्मी का आशीर्वाद है। यह भारत के युवाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को अधिक आय, नारी शक्ति को सम्मान स्वाभिमान तथा विशेष रूप से मध्यम एवं निम्न आय वर्ग को बेहतर जीवन स्तर प्रदान करने वाला बजट है। बजट गरीबों और मिडल क्लास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बजट में बड़े सुधारों पर जोर दिया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह बजट नागरिकों के विकास को बढ़ावा देने और उन्हें विकास का भागीदार बनाने के लिए मजबूत नींव रखता है। इस दृष्टिकोण से बजट पूरी तरह से अलग है।
विधायक गजेन्द्र यादव ने कहा कि पिछले दस वर्षों में दुनिया ने एक नया और सशक्त भारत देखा है। बजट से स्पष्ट है कि भारत वैश्विक आर्थिकी में अपनी भूमिका और भी बड़ी करने जा रहा है। 12 लाख की इनकम पर कोई इनकम टैक्स नहीं करदाताओं के लिए बड़ी राहत है। बजट के लिए पीएम मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया।
बजट नहीं, बहाना है चुनावी एजेंडा निभाना है-अरुण

मोदी सरकार द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2025-26 पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने 2025-26 बजट को आम जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला दस्तावेज है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा पहले लूटा, फिर एहसान जताने चले। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार ने मिडिल क्लास से 54.18 लाख करोड़ का इनकम टैक्स वसूला और अब जब चुनाव सामने हैं, तो 12 लाख तक की टैक्स छूट देकर जनता को राहत का दिखावा कर रही है। अरुण वोरा ने कहा सरकार का दावा है कि टैक्स में छूट से मध्यम वर्ग को सालाना 80,000 रुपए की बचत होगी, यानी हर महीने मात्र 6,666 रुपए। महंगाई के इस दौर में यह राहत नहीं, बल्कि एक मज़ाक है। आम जनता पेट्रोल, गैस, राशन और दवाओं के आसमान छूते दामों से परेशान है, लेकिन सरकार के बजट में उनके लिए कोई राहत नहीं है। अरुण वोरा ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां सिर्फ अमीरों को फायदा पहुंचाने के लिए बनी हैं। गरीब, किसान, युवा, महिलाएं और छोटे व्यापारी इस बजट में खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। यह सरकार चुनाव से पहले जनता को सपने दिखाती है और चुनाव के बाद उन सपनों को तोड़ देती है।
किसानों के लिए यह फायदेमंद बजट है-विनायक

भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष विनायक ताम्रकार ने कहा कि बजट 2025 किसानों के लिए यह फायदेमंद बजट है जिसमें किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट 3 लाख से बढक़र 5 लाख की गई है यह स्वागत योग्य है। इसी प्रकार भारत चावल और भारत दाल के लिए भी बजट में प्रावधान करना था जिससे कि नेफेड और एनसीसी ऐप को अधिक फंड दी जाती जिससे छत्तीसगढ़ चावल उत्पादक प्रदेश को अत्यधिक फायदा होता और दलहन उत्पादक राज्य को भी इससे फायदा होता। यूरिया में आत्मनिर्भर भारत के लिए असम में प्लांट लगाया जाएगा यह स्वागत योग्य है लेकिन यूरिया और डीएपी सब्सिडी युक्त खाद्य को सहकारी समिति के माध्यम से अधिक से अधिक वितरण की पात्रता देनी चाहिए जिससे किसान आत्मनिर्भर और खुशहाल होगा।
ऐतिहासिक निर्णय मध्यम वर्ग को लिए-देवेश

सनातन धर्म सेवा परिषद भारत के राष्ट्रीय प्रमुख एवं सिविल इंजीनियर व इंफ्रा विशेषज्ञ देवेश मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय अंतरिम बजट को मध्यम वर्ग व भावी पीढ़ी के लिए के लिए लाभदायी बताया है। श्री मिश्रा ने कहा कि एक बड़ा ऐतिहासिक निर्णय मध्यम वर्ग को 12 लाख तक की वार्षिक आय पर टैक्स में छूट दिया है, वह आम आदमी के जेब में रुपये देने का अभूतपूर्व कार्य है। इससे मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी। इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने प्रावधान स्वागतेय है।
आई आई टी में 6500 सीट बढ़ाने एवं मेडिकल की 75000 सीट बढ़ाने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन निर्णय है। युवाओं को रोजगार हेतु लघु व मध्यम उद्योगों हेतु ऋण की सीमा 10 करोड़ व स्टार्ट-अप हेतु 20 करोड़ करने का प्रावधान निश्चित ही देश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।