दुर्ग
दुर्ग, 31 जनवरी। पाटन रोड ढौर चौक के पहले प्रार्थी के साथ दो आरोपियों ने मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए। प्रार्थी की शिकायत पर उतई पुलिस ने अज्ञात दो आरोपियों के खिलाफ धारा 309 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी त्रिभुवन साहू ग्राम ढौर निवासी है और वह खेती किसानी का काम करता है। 29 जनवरी को वह सेलूद में वायसर लेने के लिए गया हुआ था। वहां से वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 बी वी 9842 से वापस अपने घर ढौर लौट रहा था।
दोपहर लगभग 2 बजे पाटन रोड ढौर चौक के पहले पहुंचा था कि अचानक मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 बी क्यू 7916 पर सवार होकर दो आरोपी आए और अपनी मोटरसाइकिल को प्रार्थी की मोटरसाइकिल में टिका दिए। इससे अनियंत्रित होकर प्रार्थी मोटरसाइकिल सहित रोड पर गिर गया। इसके बाद दोनों आरोपी प्रार्थी से बोले कि तुम्हारे पास जो भी सामान हो उसे हमें दे दो। प्रार्थी ने कहा कि उसके पास कुछ नहीं है, तो एक लडक़े ने प्रार्थी के जेब में रखे 14000 रुपए कीमत के मोबाइल को लूट लिया और दोनों भी तेजी से ढौर गांव की ओर भाग निकले।
शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।