दुर्ग
दुर्ग, 31 जनवरी। चिखली स्थित बस गैरेज के सामने खड़ी मनीष ट्रेवल्स की बस में देर रात अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर अग्निशमन टीम ने पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण अज्ञात है। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मनीष ट्रेवल्स की बस क्रमांक सीजी 07 ई 8980 चिखली बस गैरेज में खड़ी हुई थी। उसमें अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर अग्निशमन दल प्रभारी धन्नू राम यादव, अग्निशमन कर्मी संतोष मढ़रिया, नरोत्तम टंडन, राजू लाल की टीम को मौके पर भेजा गया। अग्निशमन कर्मियों ने जलती हुई बस की आग को काबू पाने के लिए एक अग्निशमन गाड़ी पानी व फोम का उपयोग किया और आग को आसपास गैरेज की ओर बढऩे से रोक दिया। इससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
डराने-धमकाने वाला पकड़ाया
दुर्ग, 31 जनवरी। नदी रोड तिराहा में तलवार लहराकर आने जाने वाले लोगों को डराने धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ा है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के पास से धारदार तलवार जब्त की है। आरोपी के खिलाफ धारा 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि 30 जनवरी की दोपहर लगभग 12.30 बजे मुखबिर से सूचना मिली की नदी रोड तिरहा के पास आरोपी यमन ठाकुर (27 वर्ष) निवासी गंजपारा हाथ में तलवार लेकर लोगों को डरा धमका रहा है, इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
मौके पर पहुंची टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को पकड़ा।