दुर्ग
दुर्ग, 31 जनवरी। धान खरीदी के लिए तिथि नहीं बढ़ाई गई तो जिले में पंजीकृत 7102 किसान धान विक्रय करने से वंचित रह जाएंगे वहीं ऐसी स्थिति में लक्ष्य व गत वर्ष की तुलना में भी कम खरीदी का अनुमान है। जिले में अंतिम दिन 31 जनवरी को 462 किसानों से 22600 क्विंटल धान खरीदी के लिए टोकन काटा गया है।
जिले में इस वर्ष धान खरीदी के लिए 114757 किसान पंजीकृत है जिनसे कुल 6484850 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य है मगर अब तक 106495 किसानों से कुल 5737034 क्विंटल धान खरीदी हुई है। अंतिम दिन जिन किसानों का टोकन कटा उन्हें भी जोड़ लिया जाए तो कुल पंजीकृत किसानों में से 106957 किसानों से 5759634 क्विंटल धान खरीदी हो पाएगी जो कि कुल खरीदी के लक्ष्य से 725 216 क्विंटल कम है।
कुल खरीदे गए धान में से अब तक 5672497 क्विंटल का डीओ व टीओ कट चुका है। इसके विरुद्ध 4696300 क्विंटल धान का उपार्जन केन्द्रों से उठाव किया जा चुका है। वहीं 1040733 क्विंटल धान उपार्जन केन्द्रों में अभी भी उठाव के लिए शेष है।