दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 जनवरी। त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन वर्ष 2024-25 में जिला दुर्ग अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच एवं पंच पद के लिए नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 27 जनवरी से प्रारंभ हो गई है।
नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 3 फरवरी 10.30 बजे से 3 बजे तक निर्धारित है। जिला पंचायत सदस्य हेतु नामांकन जिला पंचायत भवन दुर्ग में एवं जनपद पंचायत सदस्य हेतु नामांकन विकासखण्ड मुख्यालय स्थित संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय दुर्ग/ धमधा/ पाटन में प्राप्त किया जा रहा है। पंच एवं सरपंच पद हेतु तीनों जनपद पंचायत क्षेत्र में विभिन्न सेक्टर/कलस्टर मुख्यालय प्राप्त किए जा रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य के लिए 29 जनवरी को 2 नामांकन रिटर्निंग अधिकारी बजरंग कुमार दुबे द्वारा प्राप्त किया गया है। इनमें क्षेत्र क्रमांक 3 से टिकेश्वर साहू एवं क्षेत्र 4 से सरस्वती रात्रे ने नामांकन दाखिल किया।
इसी प्रकार जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत पंच पद हेतु 306 नामांकन पत्र प्राप्त हुए, सरपंच पद हेतु 31 नामांकन पत्र प्राप्त हुए और जनपद सदस्य हेतु 3 नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती मीना साहू एवं सहायक रिटर्निग अधिकारी द्वारा प्राप्त किए गए हैं। जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत पंच पद हेतु 408 नामांकन पत्र प्राप्त किए गए हैं। सरपंच पद हेतु 42 नामांकन पत्र प्राप्त किए हैं। जनपद सदस्य हेतु 4 नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी पंचराम सलामे एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी द्वारा प्राप्त किए गए हैं। जनपद पंचायत धमधा अंतर्गत जनपद पंचायत क्षेत्र पंच पद हेतु 553 नामांकन पत्र प्राप्त किए हैं। सरपंच पद हेतु 77 नामांकन पत्र प्राप्त किए और जनपद सदस्य हेतु 12 नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी तारसिंह खरे एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी द्वारा प्राप्त किए गए हैं।