दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 जनवरी। अंतिम समय में पार्षद पद के लिए टिकट कटने से युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज युकां कार्यकर्ता खाली बी फार्म में नेताओं के इशारे पर नाम में हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जता रहे थे।
वार्ड 56 में भी ललित ढीमर को टिकट नहीं मिलने पर कार्यकर्ताओं द्वारा वरिष्ठ कांग्रेस नेता के पास नाराजगी जताने का मामला गरमाया रहा। कांग्रेस आलाकमान की ओर से शहर युकां अध्यक्ष आयुष शर्मा को वार्ड 45 से पार्षद पद का प्रत्याशी बनाया गया था। एक दिन पहले कांग्रेस द्वारा घोषित अधिकृत सूची में उनका नाम शामिल था। जिसे लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह था, मगर नामांकन समाप्ति के ठीक पहले उनकी जगह पूर्व पार्षद राजेश शर्मा के नाम का बी-फार्म जमा करा दिया गया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता व उनके समर्थक नाराज हो गए।
गौरतलब है कि चुनाव के लिए जिला संगठन द्वारा प्रत्याशियों के नाम सीधे तय करने के बजाए अंतिम फैसले के लिए पैनल बनाकर सूची प्रदेश आलाकमान को भेज दिया गया था। इस पर सोमवार की देर शाम प्रदेश आलाकमान ने अंतिम प्रत्याशियों का चयन का सूची जारी किया था। इसमें शहर युकां अध्यक्ष आयुष शर्मा को वार्ड 45 का पार्षद प्रत्याशी बनाया गया था। युकां नेताओं ने आयुष की जगह राजेश शर्मा के नाम पर बी-फार्म जमा कराए जाने पर नेताओं के सामने जमकर नाराजगी भी जताई। कांग्रेस नेताओं के अनुसार प्रदेश कांग्रेस द्वारा सभी प्रत्याशियों के लिए बिना नाम लिखे खाली बी-फार्म शहर अध्यक्ष गया पटेल के पास भेजा गया था। बी-फार्म पर कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी का नाम लिखकर जमा कराया जाना था, लेकिन वार्ड 45 में आयुष के नाम के बजाए राजेश शर्मा का नाम लिखकर जमा करा दिया गया। इसके अलावा वार्ड 51 के अधिकृत प्रत्याशी रमेश कुमार देशमुख का टिकट भी अंतिम समय पर बदल दिया गया। एक दिन पूर्व जारी कांग्रेस की अधिकृत सूची में वार्ड 51 से रमेश कुमार देशमुख को प्रत्याशी घोषित किया गया था।
बताया जा रहा है कि उनकी जगह महापौर प्रत्याशी प्रेमलता साहू के पति पोषण साहू के नाम का बी-फार्म जमा कराया गया है। वहीं यह भी चर्चा रही कि राजेश के लिए तीसरी बार अन्य कांग्रेसी नेता का टिकट काटा। इसी वजह नाराज होकर कांग्रेस का एक नेता पूर्व भाजपा के खेमे में चला गया। युकां अध्यक्ष आयुष का टिकट काटे जाने से नाराज वरिष्ठ युकां नेताओं का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पास मिलने जाने की चर्चा है। वहीं प्रदेश युकां के वरिष्ठ युकां नेता का भी मामले पर नाराजगी व्यक्त किए जाने की बात कही जा रही है। पूर्व विधायक अरुण वोरा का कहना है कि जिला कांग्रेस से भेजी गई सूची में राजेश शर्मा एवं पोषण साहू का नाम था। प्रदेश से इनका नाम कैसे कटा और बाद में कैसे जुड़ा उन्हें पता नहीं है। इसी प्रकार वार्ड 56 से भी जिले से भेजी गई सूची में ललित ढीमर का नाम था। यहां उनकी जगह संतोष सोनी का नाम कैसे घोषित हुआ वे कुछ नहीं कह सकते।
श्री वोरा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन को लेकर जो निर्णय लिया है वह सर्वमान्य है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन के दूसरे दिन जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 3 से एकमात्र लुकेश मार्कंडेय द्वारा नामांकन दाखिल किया गया।जिला पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों से आज 6 लोगों ने नामांकन लिया, जिसे मिलाकर अब तक 13 अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन फार्म लिया जा चुका है। इसी प्रकार जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत भी एकमात्र निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 8 से सुशीला निषाद ने जनपद सदस्य के लिए नामांकन दाखिल किया। वहीं 19 लोगों ने नामांकन फार्म लिया।