दुर्ग
दुर्ग, 27 जनवरी। रसमड़ा स्थित प्लांट के बाहर खड़ी ट्रक में अचानक आग लग गई। लोगों ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। मौके पर टीम ने पहुंचकर एक गाड़ी पानी की मदद से आग पर काबू पाया वहीं ट्रक में रखे सिलेंडर को भी सुरक्षित बाहर निकाला।
ग्राम रसमड़ा में प्लांट के बाहर खड़ी ट्रक क्रमांक सीजी 04 एनटी 4329 में देर रात अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन की दमकल टीम घटनास्थल पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने जलते हुए ट्रक में रखे एलपीजी सिलेंडर को ट्रक में घुसकर सावधानीपूर्वक बाहर निकाला और बड़ी मशक्कत से ट्रक में लगी आग को काबू में किया। टीम ने आग को आसपास खड़े ट्रकों की ओर बढऩे से रोक दिया। फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात है।
अंजोरा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर अग्निशमन दल प्रभारी महेंद्र कुमार चंदेल, अग्निशमन कर्मी अवतार सिंह, मोहन राव, भूपेश, शारदा प्रसाद द्वारा आग पर काबू पाया गया।