दुर्ग
स्पीकर ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 जनवरी। गणतंत्र दिवस समारोह दुर्ग में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दुर्ग के प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने उल्लास एवं उमंग के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े।
मुख्य अतिथि डॉ. सिंह ने कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी और एसपी जितेन्द्र शुक्ला के साथ परेड का निरीक्षण किया और आम नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। परेड कमाण्डर रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा के नेतृत्व में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सीमा सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरूष), नगर सेना और जिला पुलिस बल (महिला), एनसीसी जूनियर एवं सीनियर रेडक्रॉस और स्काउट गाइड के 11 प्लाटून द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट करते हुए सलामी मंच के सामने से गुजरे। पत्पश्चात् मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह द्वारा प्लाटून कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया गया। इस मौके पर उन्होंने शहीद के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने मुख्यमंत्री जी का जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस का यह पावन पर्व हमें यह अवसर प्रदान करता है कि हम देश की आजादी के लिए हमारे स्वंतत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण कर उन्हें नमन करें।
मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान एक महान संविधान है वह जीवन्त, सर्वशक्तिमान और सार्वभौम है। वह देश के समस्त नागरिकों के अधिकारों का संरक्षण और दायित्वों की पूर्ति हेतु प्रेरित करता है। वस्तुत: संविधान केवल प्रदर्शन का विषय नहीं है यह आत्म विश्लेषण का विषय है। मैं यह मानता हूं कि संवधिान के विषय में जानकार होना, बोलना और लिखना इससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण संविधान को स्वीकर कर उसका पालन करना होता है। इसलिए हमारी यह कोशिश होनी चाहिए कि हम अपने संविधान का सम्मान करें, उसका पालन करें। देश के नागरिक होने के नाते राष्ट्र के प्रति अपने राष्ट्रीय दायित्वों की पूर्ति हेतु सतत रूप से सजग और गंभीर बनें। अपने अधिकारों से कहीं ज्यादा हम अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों को पूर्ण करने का संकल्प लें। मैं समझता हूं हमारी यह भावना ही देश की सच्ची सेवा होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर यह अवगत कराते हुए मुझे अपार प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है कि हम छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भावना के अनुरूप पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के अन्त्योदय विकास की अवधारण को पूर्ण करने में उत्तरोत्तर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि शांति, समृद्धि और स्वावलम्बन का भाव आम जनों की जीवन शैली में स्पष्ट रूप से दिख रहा है। विशेष कर नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में एक नए दौर की शुरूवात हुई है। इस अवसर पर मैं राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और शांति को कायम रखने के लिए जिन बहादुर सुरक्षा सैनिकों ने अपने प्राणों की आहूति दी है उनके पावन बलिदान, वीरता और साहस को सादर नमन करता हूं, उन्हें अपनी सादर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। विधानसभा अध्यक्ष ने गणतंत्र दिवस के इस पुनीत अवसर पर लोगों को बधाई दी और आव्हान किया कि आइए हम सब मिलकर अपने भारतीय संविधान की रक्षा का संकल्प लें, संविधान की भावना के अनुरूप देश के प्रति अपने कर्त्तव्यों का पालन करें और अपने अधिकारों के प्रति सजग और जागृत रहें। समारोह में विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, विधायक गजेन्द्र यादव, आईजी आर.जी. गर्ग, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी उपस्थित थे।
संभागायुक्त कार्यालय में ध्वजारोहण
दुर्ग। गणतंत्र दिवस के अवसर पर संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने जिला एवं व्यापार उद्योग केन्द स्थित संभाग आयुक्त कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कार्यालय केे अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। संभागायुक्त ने सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने कलेक्टोरेट में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
जनसंपर्क कार्यालय में ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला जनसंपर्क कार्यालय में संयुक्त संचालक एम.एस. सोरी ने ध्वजारोहण किया। अधिकारी/कर्मचारियों ने राष्ट्रगान कर तिरंगा झण्डे को सलामी दी। इस अवसर पर कार्यालय के सहायक सूचना अधिकारी सुश्री भारती साहू, सहायक ग्रेड-2 श्रीमती कनक कोमरा, वाहन चालक दिनेश साहू, भृत्य हिमेश ठाकुर एवं भोलाराम यादव उपस्थित थे।
जिला सहकारी बैंक दुर्ग में कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग प्रधान कार्यालय परिसर में 76वाँ गणतंत्र दिवस के अवसर पर बैंक के प्राधिकृत अधिकारी एवं कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने इस अवसर पर प्रधान कार्यालय दुर्ग एवं शाखा दुर्ग के अधिकारी व कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। कलेक्टर सुश्री चौधरी ने अपने संक्षप्ति उद्बोधन में कहा कि सहकारिता ही एक ऐसी संस्था है जहां ‘‘जय जवान जय किसान’’ का नारा फलीभूत होता है। यह संस्था किसानों की सेवा के लिए बनी है हमारी कोशिस होनी चाहिए कि किसानों को अधिक से अधिक सुविधा इस संस्था के माध्यम से उपलब्ध करा सकें एवं उनकी आर्थिक प्रगति के लिए कार्य करें। इस पावन अवसर पर उन्होंने शासन की योजनाओं से बैंक के सुदृढ़ स्थिति को बरकरार रखने हेतु आव्हान किया और कहा कि किसानों को बेहतर सुविधाए देने के लिए सहकारी बैंक वचनबद्ध है।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.के.जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि संविधान के नियमों के दायरे में सभी मिलजुलकर कार्य करने एवं देश को आगे बढ़ाने में पूर्ण रुप से जिम्मेदारी के साथ निरंतर लगे रहेंगे। कार्यक्रम में राजेन्द्र रामटेके बैंक अधिकारी द्वारा गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में सबसे पिछड़े कमजोर एवं अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का समग्र विकास ही हमारी प्राथमिकता हो। कार्यक्रम में लक्ष्मीनारायण चन्द्राकर, कर्मचारी संघ अध्यक्ष द्वारा गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हम सब बैंक कर्मचारी है एवं शासन द्वारा बनाये गये नियमों के दायरे में रहकर कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन हृदेश शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सुश्री कुसुम ठाकुर, बैंक अधिवक्ता सुधीर तिवारी, रामकुमार वर्मा, युवराज चन्द्राकर, रामकुमार पटेल, चन्द्रषेखर मानिकपुरी सहित प्रधान कार्यालय दुर्ग एवं शाखा दुर्ग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहें। आभार प्रदर्शन राजेन्द्र रामटेके द्वारा किया ग