दुर्ग

बीज उत्पादन में अग्रणी जिला बना दुर्ग
22-Jan-2025 2:22 PM
बीज उत्पादन में अग्रणी  जिला बना दुर्ग

दुर्ग, 22 जनवरी। दुर्ग बीज उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी जिला बन गया है। जिले में कृषि विभाग द्वारा बीज उत्पादन कार्यक्रम को सर्वाधिक महत्व दिया जाने के फलस्वरूप दुर्ग जिले में खरीफ 2024 के दौरान 478 कृषकों द्वारा 1113.32 हेक्टेयर रकबे में बीज उत्पादन कार्यक्रम वृहद पैमाने पर लिया गया। इन किसानों से अब तक 36816 क्विंटल धान बीज उपार्जन किया जा चुका है। 

बीज प्रबंधक एस के बेहरा के अनुसार खरीफ की प्रमुख फसल धान का जिले में औसत लगभग 30000 क्विंटल की मांग है, जिसकी पूर्ति किया जाने हेतु अभी तक 36816 क्विंटल बीज 276 किसानों से बीज निगम द्वारा उपार्जित किया जाकर कृषकों को वर्तमान में अग्रिम भुगतान 1840 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 6.37 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। 
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग एवं बीज निगम द्वारा पंजीकृत कृषकों से संपर्क किया जाकर धान बीज उपार्जन हेतु लगातार प्रेरित किया जा रहा है। शासन द्वारा धान बीज उपार्जन की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई है। इसके लिए शासकीय दिनों के साथ ही साथ शासकीय अवकाश के दिनों में भी बीज निगम द्वारा धान बीज उपार्जन किया जाना सुनिश्चित किया गया है।

इस वर्ष धान बीज उत्पादक कृषकों को बीज उपार्जन के लगभग 1 सप्ताह के भीतर ही अग्रिम राशि प्राप्त होने के परिणामस्वरूप जिले के कृषकों में बीज उत्पादन कार्यक्रम के प्रति काफी उत्साह के फलस्वरूप चालू रबी मौसम के दौरान भी जिले में पहली बार 1941 हेक्टेयर रकबे में रबी बीज उत्पादन कार्यक्रम हेतु लक्ष्य रखा गया है। अभी तक 1248 किसानों का 1897.69 हेक्टेयर हेतु पंजीयन की कार्रवाई भी पूर्ण की जा चुकी है। शासन द्वारा रबी बीज उत्पादन कार्यक्रम के पंजीयन की अंतिम तिथि 31 निर्धारित की गई है। अभी तक गेहूं 874 हे., चना 659 हे., तिवड़ा 82 हे., अलसी 5 हे.. कुसुम 4 एवं सरसो 272 हेक्टेयर का पंजीयन किया जा चुका है। 

आंकलन के अनुसार यदि रबी में पंजीकृत कृषकों द्वारा उत्पादित संपूर्ण बीज का उपार्जन किया जाता है तो इससे जिले को लगभग 30000 क्विंटल बीज आगामी रबी मौसम के दौरान प्राप्त होगा जो कि जिले की कृषकों सहित राज्य के अन्य जिलों के कृषकों को हेतु रबी बीज की पूर्ति के लिए काफी उपयोगी सिद्ध होगा।
 


अन्य पोस्ट