दुर्ग
एक जोड़ा का आदर्श विवाह भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 जनवरी। निषाद समाज भरदा चंगोरी परिक्षेत्र ग्राम पीसेगांव द्वारा रविवार को भक्त शिरोमणि गुहा निषादराज जयंती समारोह मनाया गया। कार्यक्रम में आराध्य देव भगवान रामचंद्र तथा गुहा निषादराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की गई । सुबह 10 बजे से सामाजिक महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई तथा कार्यक्रम में एक जोड़ा का आदर्श विवाह निषाद समाज द्वारा कराई गई। सामाजिक अतिथियों द्वारा सभी 2023- 24 के प्रतिभा विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
भक्त गुहा निषाद जयंती के इस आयोजन में ग्राम पीसेगांव क्षेत्र के आसपास के गांवों से सात से आठ हजार की जनसंख्या में समाज के लोग उपस्थित हुए। समारोह में समाज के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने सक्रिय भागीदारी दी। इस आयोजन में भक्त गुहा निषादराज के जीवन पर आधारित समाजिक बच्चों द्वारा गीत,नृत्य और नाटकों की प्रस्तुति दी। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबा मार्तंड सिंह मांझी तथा दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ निषाद समाज के अध्यक्ष एवं गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने की एवं विशेष अतिथि नेहरू राम निषाद, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग छत्तीसगढ़ शासन कोमल निषाद राष्ट्रीय संगठन मंत्री शामिल हुए।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने समाज को संबोधित करते हुए सभी क्षेत्र वासियों को गुहा निषादराज जयंती पर शुभकामनाएं दी उन्होंने निषाद समाज को सामाजिक समरसता और सेवा का प्रतीक बताया। उन्होंने समाज के युवाओं को राजनीति भागीदारी में आने को कहा। साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाये और न छोडऩे की बात कही।
नेहरू राम निषाद ने समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की। साथ ही कहा- भारत देश में निषाद समाज की अलग पहचान है मेरी ओर से निषाद समाज को आगे बढ़ाने को हर-संभव प्रयास करूंगा। प्रदेश अध्यक्ष कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि भक्त गुहा निषाद का जीवन हमें त्याग,सेवा और कर्तव्यनिष्ठ की प्रेरणा देता है। तथा सम्मान समारोह में सभी अतिथियों का अभिनंदन अभिवादन किया।
इस अवसर पर दुर्ग निषाद समाज जिला अध्यक्ष डॉ. घनश्याम निषाद, छिन्छा राम निषाद संतोषी निषाद बिरेन्द्र कुमार निषाद संतोष जलतारे मल्लेश निषाद आदि उपस्थित रहे।
