दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 जनवरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नगर पालिक निगम भिलाई को 22 कर्मचारियों की अनुकंपा नियुक्ति की स्वीकृति मिली। सोमवार को 22 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदान किया गया। ये शासन के नियमानुसार नियमित कर्मचारी होगें। वे कर्मचारी जो पूर्व में नगर निगम भिलाई में सेवाएं दे रहे थे, उनकी मृत्यु हो जाने के बाद उनके परिवार से एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाती है। जिससे उस परिवार का भरण-पोषण हो सके। निगम भिलाई में पूर्व के कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे है, उनके स्थान पर कर्मचारियों की आवश्यकता थी। 22 कर्मचारी अतिरिक्त मिल जाने से कार्यो को संपादन करने में सुविधा होगी।
22 कर्मचारियों को वैशालीनगर विधायक रिकेश सेन, महापौर नीरज पाल, आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने शुभकानाएं देते हुए उन्हे निगम के हित में निष्ठापूर्वक कार्य करने के लिए कहे। यह भी कहा कि आप सबको शासकीय नियुक्ति मिली है, बहुत भाग्यशाली हो। शासन द्वारा स्वीकृति के पश्चात नियुक्ति मिली। पूरे छत्तीसगढ़ में 103 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र मिला, जिसमें भिलाई नगर निगम के ही 22 कर्मचारी है। जो दुर्ग संभाग में से भिलाई नगर निगम में सबसे अधिक है। इससे निगम के कार्यों को गति मिलेगी।