दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 जनवरी। नगरीय निकाय चुनाव के लिए नगरीय निकाय चुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्र बुधवार 22 जनवरी से प्राप्त किए जाएंगे। वहीं जिले के जिन नगरीय निकायों में चुनाव होना है वहां मतदान 11 फरवरी को होगा जबकि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तीन चरणों में होगी।
जानकारी अनुसार 22 जनवरी नगरीय निकायों निर्वाचन के लिए स्थानों एवं मतदान केन्द्रों के प्रकाशन के साथ रिटर्निंग अफसर द्वारा नामांकन फार्म लेना शुरू हो जाएगा। 28 जनवरी को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख होगी। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 29 जनवरी को की जाएगी। 31 जनवरी नाम वापस लेने की आखिरी तारीख होगी। इसी दिन चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थियों को प्रतीक चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। 11 फरवरी को मतदान एवं मतगणना 15 फरवरी को होगा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान तीन चरणों में होगा। इसके प्रथम चरण में जिले के दुर्ग जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में मतदान 17 फरवरी को होगा। इसी प्रकार द्वितीय चरण में पाटन जनपद क्षेत्र में 20 एवं तृतीय चरण में धमधा क्षेत्र में 23 फरवरी को मतदान होगा।
पंचायत चुनाव के लिए सूचना प्रकाशन के साथ 27 जनवरी से नाम निर्देशन पत्र स्वीकार किए जाएंगे और 3 फरवरी तक नामांकन स्वीकार किए जा सकेंगे। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 4 फरवरी को होगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 6 फरवरी है। इसी दिन त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मैदान में शेष रह गए अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
जिले के जिन नगरीय निकायों में आम एवं उप चुनाव होना है, वहां कुल 336655 मतदाता है। इनमें 170473 पुरुष, 166158 महिला एवं 24 अन्य मतदाता शामिल है।
इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 496713 मतदाता है। इनमें 247555 पुरुष, 249153 महिला एवं 5 अन्य मतदाता शामिल है।