दुर्ग

डिप्टी सीएम शर्मा ने हितग्राहियों को दिए संपत्ति कार्ड
19-Jan-2025 4:38 PM
डिप्टी सीएम शर्मा ने हितग्राहियों को दिए संपत्ति कार्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 जनवरी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से भारतीय सर्वेक्षण विभाग, राज्य के राजस्व विभाग तथा पंचायत राज्य विभाग के सहयोग से गांव के घरों के मालिकों को अधिकारों का रिकार्ड प्रदान करने हितग्राहियों को स्वामित्व योजना अंतर्गत संपत्ति कार्ड वितरित किए। उक्त कार्यक्रम प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में ऑडिटोरियम भिलाई प्रद्योगिकी संस्था (बीआईटी) दुर्ग में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में स्वामित्व योजना अंतर्गत संपत्ति अधिकारों की ओर एक कदम के तहत 10325 हितग्राहियों को संपत्ति कार्ड का वितरण किया गया। कुल 40 ग्रामों के कुल 10325 हितग्राहियों में से प्रतिकात्मक रूप से प्रत्येक ग्राम के 10-10 हितग्राही, कुल 37 ग्रामों के 376 हितग्राही को मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा अधिकार अभिलेख (संपत्ति कार्ड) वितरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को स्वामित्व योजना के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें विशेष रूप से मेरी पंचायत एप का प्रशिक्षण दिया गया। ग्रामीणों को स्वच्छता एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्यक्रम में वर्चुअली सम्मिलित हुए। प्रधानमंत्री के संबोधन का लाईव प्रसारण किया गया। उन्होंने सभी हितग्राहियों को शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने कहा 21वीं सदी की इस दुनिया में क्लाइमेट चेंज, पानी की कमी स्वास्थ्य का संकट, महामारियां जैसी कितनी ही चुनौतियां है। लेकिन विश्व के सामने एक और बहुत बड़ी चुनौती रही है जो है प्रॉपर्टी राइट्स की। संयुक्त राष्ट्र के अध्ययन के अनुसार यह सामने आया कि दुनिया के कई लोगों के पास अपनी प्रॉपर्टी के पक्के कानूनी दस्तावेज है ही नहीं। संयुक्त राष्ट्र ने साफ तौर पर कहा कि यदि किसी देश की गरीबी कम करनी है तो जरूरी है कि उस देश के लोगों के पास उनकी प्रॉपर्टी राइट्स हो। कार्यक्रम को विधायक दुर्ग (ग्रामीण) ललित चंद्राकर, विधायक दुर्ग (शहरी) गजेन्द्र यादव ने भी संबोधित किया। 

इस अवसर पर अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, एसपी जीतेन्द्र शुक्ला, एडीएम अरविन्द कुमार एक्का, अपर कलेक्टर मुकेश रावटे, एसडीएम हरवंश मिरी, जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे, सहायक कलेक्टर एम भार्गव, अध्यक्ष जिला पंचायत दुर्ग, अध्यक्ष जनपद दुर्ग एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभाग के प्रमुख अधिकारीगण उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट