दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 जनवरी। धमधा थाना अंतर्गत तरकोसी गांव में तीन युवकों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर लूट की कोशिश की। जब महिला ने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसका सिर फोड़ दिया और फरार हो गए। रिपोर्ट पर पुलिस मामले में धारा 109,3(5),331 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही है।
धमधा पुलिस ने बताया कि 13 जनवरी को दोपहर डेढ़ बजे तरकोसी गांव में नोहर दास कुर्रे के घर में कुछ लोगों ने हथियार के साथ लूट की कोशिश की। इतना ही नहीं उन्होंने शोर मचाने पर महिला को बुरी तरह घायल कर दिया है।
धमधा पुलिस तुरंत बेरला सीएचसी पहुंची। वहां उन्होंने देखा कि कुमारी बाई कुर्रे के सिर पर काफी गहरी चोट लगी है। पूछताछ में नोहर ने बताया कि वो नेवनारा स्थित लोहिया पेपर मिल में गाड़ी चलाने का काम करता है। वह रोज की तरह 13 जनवरी को सुबह 7.30 बजे ड्यूटी पर गया हुआ था। दोपहर डेढ़ बजे उसके बेटे देवेन्द्र कुर्रे का फोन आया। उसने बताया कि एक मोटर साइकिल में सवार होकर तीन लडक़े आए। एक लडक़ा घऱ के बाहर बाइक स्टार्ट करके खड़ा था। दो लडक़े हाथ में रॉड व हथियार लेकर घर के अंदर घुसे थे। वे लोग घर का सामान ले जाने की नियत से घुसे थे। इससे पहले की वे कुछ ले जा पाते, आवाज आने पर मां कुमारी बाई वहां पहुंच गई और उसने कौन है करके शोर मचाया। जैसे ही कुमारी बाई ने शोर मचाने की कोशिश की दो लडक़े उनके पास आए और हाथ में लिए डंडानुमा हथियार से उसके सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। डंडे के वार से कुमारी बाई के सिर पर काफी चोट आई और बायीं तरफ चोट लगने से खून निकलने लगा। इसके बाद मोटर साइकिल से तीनों लडक़े भाग गये। तब तक घर के लोगों ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर गांव का बीजे डेहरे व देवेन्द्र कुर्रे वहां पहुंचे और घायल कुमारी बाई को इलाज के लिए बेरला सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र लेकर पहुंचे। पुलिस ने जब कुमारी बाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि वे आरोपियों को नहीं पहचानती है। दो लडक़े घर में घुसे और उसके ऊपर हमला कर दिए। वे लोग कुछ सामान ले जाने के लिए घुसे थे।
तीन लडक़े एक ही बाइक से आये थे। तीनों ने काले कपड़े से चेहरा बांधकर रखा था। एक लडक़ा बाइक को स्टार्ट कर बाहर खड़ा था। जैसे ही दोनों लडक़े आए वो बाइक से फरार हो गए। खबर लिखे जाने तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। साथ ही लोगों से भी पूछताछ की जा रही है कि किसी ने कुछ देखा होगा तो बड़ा क्लू मिल जाए।