दुर्ग
दुर्ग, 12 जनवरी। छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम के दौरान उपद्रव मचाने एवं पुलिस के साथ अभद्रता करने वाले दो आरोपी को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 10 से 12 जनवरी तक ग्राम उतई में मेला मड़ई कार्यक्रम का आयोजन हो रहा था, जिसमें पुलिस बल कानून एवं शांति व्यवस्था बनाने में लगा हुआ था। दस जनवरी को दिन में मड़ई कार्यक्रम पश्चात रात्रि में दशहरा मैदान बैला पसरा बाजार चौक उतई में छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम का आयोजन था। जिसमें थाना उतई से पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई थी।
रात्रि में छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सुबह लगभग 5 बजे उतई निवासी छन्नू गिरी गोस्वामी एवं अमन देश लहरे सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंच में चढक़र कार्यक्रम को चालू करो और साथ में डांस करो कहकर उपद्रव करने लगे थे। ड्यूटी में तैनात आरक्षक दिलीप सिदार द्वारा उन्हें समझाईश दी गई परंतु दोनों उपद्रवियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार किया।
पुलिस ने आरोपी छन्नू गिरी गोस्वामी निवासी आदर्श नगर उतई तथा अमन देशलहरे निवासी वार्ड 7 उतई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी छन्नू गिरी गोस्वामी पूर्व में थाना उतई में चोरी, पशु तस्करी तथा पाटन में पशु तस्करी के आरोप में जेल भी जा चुका है जो कि न्यायालय के आदेश पर वर्तमान में जमानत पर था।
इसको लेकर भी पुलिस ने जमानत निरस्त करने प्रतिवेदन न्यायालय को भेजा है।