दुर्ग

हत्या करने वाले नाबालिग को उम्र कैद
12-Jan-2025 1:25 PM
हत्या करने वाले नाबालिग को उम्र कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
दुर्ग, 12 जनवरी।
चाकू मार कर युवक की हत्या करने वाले नाबालिग आरोपी को कोर्ट ने सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी अवध किशोर की कोर्ट ने विधि से संघर्षरत बालक को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

20 फरवरी 2021 को थाना अमलेश्वर निवासी मनोज सार्वे एवं उसके दो दोस्त रामायण देखने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर रात को जा रहे थे। मोटरसाइकिल मनोज सार्वे चला रहा था। शाम 7 बजे कोपेडीह तालाब मोड़ के पास गांव का ही नाबालिग जो अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर था, बालक ने मोटरसाइकिल से कट मारा। तब मनोज सार्वे ने कहा ठीक से गाड़ी चलाओ। जिस पर बालक मोटरसाइकिल से उतरकर गाली गलौज करने लगा। इसके बाद मनोज और बालक में हाथापाई हुई। मामला शांत होने पर सभी लोग मोटरसाइकिल से रामायण हो रहा था वहां पहुंचे। 

अधिवक्ता पूजा मोंगरी ने बताया कि रात में वापस लौटने के दौरान आरोपी एवं उसके साथी मनोज के पीछे-पीछे गए और आरोपी बालक ने जेब से चाकू निकाल कर मनोज सार्वे पर प्राण घातक हमला कर दिया। इससे मनोज को पेट, पैर आदि में चोटे आई। उसे तुरंत उपचार के लिए पहले झींट अस्पताल ले जाया गया, वहां से मेकाहारा अस्पताल रायपुर ले जाकर उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान मनोज सार्वे की मौत हो गई थी।

 


अन्य पोस्ट