दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 जनवरी। साईं मंदिर के पास नेशनल हाईवे पर थाना कुम्हारी क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर को एक युवक की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल के मर्चुरी में पहुंचाया। कुम्हारी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक कुम्हारी से दुर्ग की ओर आ रही नेशनल हाईवे रोड पर तेज रफ्तार ट्रेलर सीजी 07 सीजी 0970 ने एक्टिवा क्रमांक सीजी 07 बी यू 6838 पर सवार ओंकार प्रसाद हिरवानी (35) निवासी एकता चौक कैलाश नगर खुर्सीपार को अपनी चपेट में ले लिया। एक्टिवा चालक गिरने के बाद ट्रेलर के चक्के के नीचे आ गया। इससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंचकर शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वहां से फरार हो गया। कुम्हारी थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि एक्टिवा सवार ओंकार प्रसाद शुक्रवार को इंटरव्यू देने गया हुआ था। इंटरव्यू देने के बाद वह वापस लौट रहा था साईं मंदिर के पास रूट का काम चल रहा था, इस दौरान उसने अपनी एक्टिवा को धीरे किया। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रेलर चालाक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए ओंकार प्रसाद को अपनी चपेट में ले लिया। गाड़ी छोडक़र फरार हुए ट्रेलर चालक की तलाश में टीम लगी हुई है।