दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 जनवरी। दो अलग-अलग जगह पर घर बनाने के काम के दौरान लोहे की कुल 75 सेंट्रींग प्लेट की चोरी हो गई। दोनों ही प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक चंदखुरी में रहने वाले प्रार्थी जयपाल साहू ने पुलगांव थाना में शिकायत दर्ज कराई कि वह ठेकेदारी का काम करता है। 28 दिसंबर की शाम को 6 बजे उसने छत ढालने के लोहे के सेंट्रींग प्लेट 50 जिसमें जेएस लिखा हुआ है। ग्राम चंदखुरी के माही ढाबा के पास रामेश्वर चंद्राकर के मकान के ढलाई करने के लिए रामेश्वर के बाउंड्री वॉल में रख दिया था। 29 दिसंबर की सुबह-सुबह काम पर आया तो देखा 40 लोहे के सेंट्रींग प्लेट गायब थे। आसपास पता करने पर जब जानकारी नहीं हुई तब प्रार्थी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। चोरी गए सेट्रींग प्लेट की कीमत लगभग 45 हजार आंकी गई है।
इसी तरह पदमनाभनपुर थाना क्षेत्र के रामनगर धनोरा रजवाड़ा पैलेस के सामने निर्माणाधीन मकान से 35 नग लोहे के सेंट्रींग प्लेट चोरी हो गए। प्रार्थी प्रीतम कुमार निषाद ने शिकायत दर्ज कराई कि वह रजवाड़ा पैलेस के सामने राजकुमार सोनी के मकान का निर्माण कार्य कर रहा था। मकान के अंदर लगभग 35 नग लोहे के सेंट्रींग प्लेट रखे हुए थे। 19 दिसंबर की दोपहर को वह अपने मजदूरों के साथ काम करने के बाद घर चला गया था। दूसरे दिन सवेरे आकर देखा तो 35 नग सेंट्रींग प्लेट जिसकी कीमत लगभग 40 हजार आंकी गई है, को अज्ञात आरोपी ने चोरी कर लिया। अपने स्तर पर पतासाजी करने पर जब सेंट्रींग प्लेट का कोई पता नहीं चला तब प्रार्थी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(3),331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।