दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 जनवरी। खेत में ले जाकर मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने वाले अधेड़ आरोपी को न्यायालय ने सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने 50 वर्षीय आरोपी लोकेश कुमार सोनवानी को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 6 के तहत मरते दम तक आजीवन कारावास, 5000 रुपए अर्थदंड एवं अर्थदंड अदा न करने पर 1 वर्ष के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा दी है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी।
थाना उतई अंतर्गत निवासी आरोपी गांव का कोटवार लोकेश कुमार सोनवानी एवं पीडि़त बच्ची के परिवार का एक दूसरे के यहां आना-जाना लगा हुआ था। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी ने 27 जून 2022 की दोपहर को 3 वर्ष 8 माह की बच्ची को अपने साथ घूमने ले जाने की बात कहते हुए खेत में लेकर गया और उसके साथ अश्लील हरकत की। इसके बाद आरोपी ने धमकी दी कि यह बात उसने किसी को बताई तो ठीक नहीं होगा। 28 जून की सुबह जब बच्ची की मां उसे नहलाने के लिए ले गई तब उसने बच्ची के पेशाब करने वाली जगह पर सूजन देखी। इस पर बच्ची की मां उसे उतई अस्पताल लेकर गई। वहां पर डॉक्टरों ने उसे पहले पुलिस में शिकायत करने कहा। पुलिस ने बच्ची को जिला अस्पताल ले जाकर जांच कराई, जहां उसके साथ अश्लील हरकत किए जाने का खुलासा हुआ। जब बच्ची से पूछा गया तब उसने बताया कि लोकेश कुमार सोनवानी ने उसके साथ गलत हरकत की है।
दुर्ग जिले के लिए तीन स्थानीय अवकाश घोषित
दुर्ग, 8 जनवरी। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने कैलेण्डर वर्ष 2025 में दुर्ग जिले के लिए तीन स्थानीय अवकाश घोषित किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी, मंगलवार 30 को दशहरा (महाअष्ठमी) एवं गुरूवार 23 अक्टूबर को भाईदूज (दीपावली) का स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।