दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 जनवरी। अब सभी धान उपार्जन केन्द्रों का भी सत्यापन किया जाएगा। राज्य शासन के निर्देश पर हर केन्द्र के सत्यापन के लिए 3 सदस्यीय दल गठित किया गया। दल के इन सदस्यों द्वारा आनलाइन एवं केन्द्र में मौजूद स्टाक का मिलान कर सत्यापन किया जाएगा। खाद्य नियंत्रक टी.एस. अत्री ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार उपार्जन केन्द्रों का सत्यापन तीन चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 7 से 14, दूसरा 14 से 22 एवं तृतीय चरण 23 से 31 जनवरी के बीच किया जाएगा। जिले में 102 उपार्जन केन्द्रों के लिए दल का गठन पूरा कर लिया गया है। सभी 102 दल में 3-3 सदस्य है, जिन्हें सत्यापन कार्य कैसे किया जाना है, इसके लिए लोक निर्माण विभाग के सभागार में प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि इसके लिए भौतिक सत्यापन एंड्राइड एप तैयार किया गया है। इस एप के माध्यम से सत्यापन दल के सदस्य सीधे ऑनलाइन रिपोर्ट करेंगे। बैठक में दल के सदस्यों को बताया गया कि संबंधित केन्द्र में ऑनलाइन दर्ज स्टाक एवं मौके पर मौजूद स्टाक का मिलान किया जाना है। साथ ही केन्द्र में भरा एवं खाली बोरा आदि की भी जानकारी का मिलान किया जाना है। जिले में 42 लाख 23 हजार 860 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। अब तक 3425860 क्विंटल का उठाव के लिए डी ओ जारी हो चुका है। इनमें 2266260 क्विंटल का उठाव किया जा चुका है। उपार्जन केन्द्रों में वर्तमान में 1970270 क्विंटल धान शेष है।