दुर्ग

हत्या, पति-सास को उम्रकैद
07-Jan-2025 1:34 PM
हत्या, पति-सास को उम्रकैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 जनवरी।
गमछा गले में लपेटने के बाद महिला को पंखे से लटका कर हत्या करने वाले महिला के पति एवं सास को कोर्ट ने सजा दी है। पंचम सत्र न्यायाधीश दीपक कुमार कोसले की कोर्ट ने आरोपी खुमान साहू पिता पुराणिक राम तथा रोहिणी साहू पति पुराणिक राम निवासी ग्राम खोपली थाना उतई को धारा 302, 34 के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक नंदनी चंद्रवंशी ने पैरवी की थी।

विवाह के बाद से ही लोकेश्वरी साहू के साथ उसका पति लगातार मारपीट करता रहता था। लोकेश्वरी साहू के भाई योगेश साहू को जानकारी मिली कि उसकी बहन के साथ उसके जीजा खुमान साहू ने 26 जुलाई 2020 की रात को मारपीट की है। जानकारी मिलने पर योगेश साहू अपनी बहन से मिलने अपने दोस्त को साथ लेकर 27 जुलाई की सुबह उसके ससुराल गया। उसके जीजा ने बताया कि वह पलंग पर सोई हुई है। जब योगेश अपनी बहन लोकेश्वरी के कमरे में गया और उसे आवाज दिया तो बहन ने कोई हरकत नहीं की। इस पर योगेश ने अपनी बहन को हिलाया तो वह मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। इस पर योगेश ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पूछताछ में आरोपी गण खुमान साहू एवं रोहिणी ने पुलिस को बताया कि उसके साथ मारपीट कर उन्होंने गमछे से फांसी का फंदा गले में लपेटा और सीलिंग पंखे में उसे लटका दिया था। इसके बाद उसे उतार कर शव को पलंग पर लिटा दिया था। शव को कंबल से ढक कर रखा था। फंदा बनाने में उपयोग किए गए गमछे को घुघसीडीह में आटा मिल के पास नहर के किनारे जला दिए थे, वहीं फंदा काटने में उपयोग किया गया हंसिया को खुमान साहू के घर के पास नाली में फेंक दिए थे। इस मामले में सहयोग करने वाले दो अन्य लोगों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त करार दिया गया है।
 

 


अन्य पोस्ट