दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 जनवरी। भाजपा के नए दुर्ग जिला अध्यक्ष के रूप में सुरेंद्र कौशिक की ताजपोशी की गई है। इसके पहले भी संगठन जिला महामंत्री के पद पर सेवाएं दे रहे थे। सुरेन्द्र कौशिक के नाम की घोषणा दुर्ग जिला निर्वाचन अधिकारी एवं दुर्ग संभाग प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी के मुख्य आतिथ्य और निवर्तमान जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भाजपा कार्यालय में की गई। इसके बाद पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान जिला संगठन प्रभारी राजीव अग्रवाल, विधायक ललित चंद्राकर, गजेंद्र यादव, ईश्वर साहू, पूर्व कैबिनेट मंत्री जागेश्वर साहू, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश पाण्डेय, चंद्रिका चंद्राकर, पूर्व विधायक बालमुकुंद देवांगन, सांवलाराम डहरे, जिला सह निर्वाचन अधिकारी उषा टावरी, भाजपा नेता प्रितपाल बेलचंदन, कांतिलाल बोथरा, शिव चंद्राकर, उपाध्यक्ष राजेन्द्र पाध्ये, डॉ. मानसी गुलाटी, उपस्थित रहे।
भाजपा दुर्ग संभाग प्रभारी और जिला चुनाव अधिकारी भूपेंद्र सवन्नी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष के रूप में जितेंद्र वर्मा का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है, इस कार्यकाल में दुर्ग जिले ने कई नए कीर्तिमान स्थापित किये। जिले की 5 में से 4 विधानसभाओं में जीत, लोकसभा में रिकॉर्ड तोड़ जीत, संगठन पर्व में प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता अभियान में लक्ष्य से कहीं अधिक सदस्य बनाये।
उन्होंने कहा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव एवं पंचायत चुनाव में सबका दायित्व है कि हर जगह पार्टी की जीत सुनिश्चित हो। जिला प्रभारी राजीव अग्रवाल ने कहा कि मंडल अध्यक्ष का चुनाव शांति और उत्साह से हुआ। इसके बाद जिले के चुनाव में भी निर्वाचन की प्रक्रियाएं तीन चरण में चली। 127 सूचीबद्ध कार्यकर्ताओं से चर्चाएं की गई, उनसे नाम लेकर प्रदेश नेतृत्व में चर्चा हुई, फिर शीर्ष नेतृत्व में भी चर्चा के बाद नाम तय हुआ।
भाजपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण से काम करने के कारण कांग्रेस की जड़ों को दुर्ग जिले से उखाड़ कर फेंका है। पार्टी ने मुझे जिला अध्यक्ष के रूप में जब दायित्व दिया तो प्रदेश के सारे बड़े कांग्रेस के नेता इसी जिले से आते थे चार-चार मंत्री विधायक स्वयं मुख्यमंत्री इसी जिले में थे उसके बावजूद सभी ने कड़ी मेहनत करके प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार लाने में अपनी भूमिका निभाई।
जिला चुनाव सम्मेलन का संचालन जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार पाध्ये ने किया। सम्मेलन में जिला उपाध्यक्ष दिलीप साहू, विनायक नातू, अलका बाघमार, अरविंदर खुराना, कांतिलाल जैन, मंत्री रोहित साहू बोधन यादव, आशीष निमजे, मनोज मिश्रा, दीपक चोपड़ा, कोषाध्यक्ष विनोद अरोरा, सह कोषाध्यक्ष नीलेश अग्रवाल, कार्यालय मंत्री मनोज सोनी, सह कार्यालय मंत्री अनूप सोनी, प्रमोद नेमा, प्रवक्ता दिनेश देवांगन, मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, ध्रुव सचदेव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता बहुमूल्य है और उनके दायित्व के अनुरूप उन्हें अपनी भूमिका निभानी होगी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय का स्वप्न अंत्योदय के लक्ष्य पर हर कार्यकर्ताओं को चलना होगा और पार्टी की ताकत को बढ़ानी होगी।