दुर्ग

चना बीज की किल्लत तिवड़ा, अलसी, कुसुम की बीज भी मांग के अनुरूप उपलब्ध नहीं
05-Jan-2025 3:44 PM
चना बीज की किल्लत तिवड़ा, अलसी, कुसुम की बीज भी मांग के अनुरूप उपलब्ध नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग , 5 जनवरी। जारी रबी सीजन में अंत तक चना बीज की किल्लत की स्थिति बनी रही। चना के अलावा तिवड़ा, अलसी, कुसुम की बीज भी मांग के अनुरूप जिले में उपलब्ध नहीं हो पाया।

 रबी में इस बार विभिन्न किस्मों के 11390 क्विंटल बीज की मांग थी। इसके विरुद्ध उपलब्धता 11181.64 क्विंटल बीज ही उपलब्ध हो पाया इनमें 10895 क्विंटल बीज का वितरण हो पाया जबकि गत रबी में जिले मे विभिन्न किस्मो के 13718 क्विंटल बीज का वितरण हुआ था।

जानकारी के मुताबिक जिले में जारी रबी में 3100 क्विंटल चना बीज की मांग थी जिसके विरुद्ध 2343.20 क्विंटल ही चना बीज उपलब्ध हो पाया जो पूरा वितरण हो गया जबकि गत वर्ष जिले मे 4047 क्विंटल चना बीज का वितरण किया गया था। इसी प्रकार तिवड़ा बीज 120 क्विंटल की मांग थी मगर 99.70 क्विंटल ही उपलब्ध कराया जा सका। वहीं अलसी बीज 8 क्विंटल मांग के विरुद्ध 3.30 एवं कुसुम बीज 12 के विरुद्ध 1.04 क्विंटल ही उपलब्ध हो पाया उपलब्ध बीज का पूरा वितरण भी हो चुका है।

छग प्रगतिशील किसान संगठन के महासचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव का कहना है कि चना सहित विभिन्न प्रकार के रबी बीज की किल्लत के चलते किसानो को इस बार बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ा उनका कहना है कि  15 दिसंबर तक रबी बोनी का कार्य पूरा हो जाना चाहिए मगर पूरा दिसंबर निकल जाने के बाद भी मांग के अनुरूप चना सहित कई फसलों की बीज उपलब्ध नहीं हो पाया। श्री बैष्णव ने कहा कि बीज उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जाना चाहिए ताकि आने वाले वर्षों में बीज को लेकर किसानों को परेशान न होना पड़े।


अन्य पोस्ट