दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जनवरी। एक ही बाइक पर तीन छात्र सवार होकर स्टंट बाजी के दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और घर के सामने बने चौरा से जाकर जमकर टकराई। इससे तीनों ही युवक को गंभीर चोटे आई। एक छात्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दो को गंभीर स्थिति में अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है। उतई पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक तीनों ही छात्र खोपली हाई स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ते थे। तीनों ही छात्र घुघसीडीह निवासी है। तीनों घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे। हर्ष अपनी बाइक लेकर आया हुआ था । तीनों दोस्त मिलने के बाद आपस में घूमने का प्लान बनाया। बाइक चला रहे साहिल ने तेज रफ्तार से बाइक को दौड़ाई, वहीं सामने के चक्के को उठाकर स्टैंड बाजी करने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित हो गई और गिरकर लगभग 50 फीट तक घसीटते हुए सडक़ के किनारे घर के चौराहा से जमकर टकरा गई । इससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं साहिल का सिर फट गया और काफी खून बह गया। बाइक पर पीछे बैठे दोनों छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया।