दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 जनवरी। दुर्ग कलेक्टर रिचा प्रकाश चौधरी से समय सीमा की बैठक में प्राप्त निर्देशानुसार भिलाई चरोदा निगम कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें मूल रूप से सिकलसेल अनीमिया रोग के नियंत्रण को लेकर चर्चा की गयी। यहाँ उल्लेखनीय है कि सिकलसेल एक ऐसी बीमारी है जिसमें स्वस्थ्य व्यक्ति की अपेक्षा रोग से ग्रस्त व्यक्ति के शरीर में खून बनने की स्थिति काफी मंद होती है। इसके अलावा संक्रमित व्यक्ति से उत्पन्न होने वाली संतान में भी ये दोष पाये जाने की प्रबल संभावना रहती है। जिला प्रशासन से प्राप्त मार्गदर्शन के अनुरूप सिकलसेल बीमारी से लडऩे भिलाई चरोदा निगम मे भी योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई पूरी की जा रही है।
सिकलसेल रोग उन्मूलन की दिशा में स्वास्थ्य विभाग की टीम निगम के सहयोग से भिलाई 03 चरोदा क्षेत्र में छुटे हुये लोगों का टेस्ट और सर्वे करेगी। जिसके पश्चात इस रोग को फैलने से रोकने अन्य आवश्यक प्रबंध किये जायेंगे। निगम कमिश्नर डी. एस. राजपूत के द्वारा निगम के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से स्थानीय चिकित्सा विभाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश प्रदान किये गये।