दुर्ग

सोसायटी में अब तक नहीं पहुंचा डीएपी
03-Jan-2025 3:37 PM
 सोसायटी में अब तक नहीं पहुंचा डीएपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 3 जनवरी। डोडक़ी सोसायटी में डीएपी खाद नहीं पहुंच पाया है। समय पर सोसायटियों में डीएपी खाद नहीं मिलने से मजबूरन बहुत से किसानों ने निजी दुकानों से महंगे दामों पर इसे खरीद कर बोनी का कार्य पूरा किया। वहीं कृषि विभाग के अधिकारी गत वर्ष आज की तिथि में वितरण तुलना में डीएपी सहित अन्य खाद का अधिक वितरण किए जाने का दावा कर रहे हैं।

ग्राम डोडक़ी निवासी किसान दीपक वर्मा ने बताया कि वे 10 एकड़ में गेहूं एवं चना की फसल लेते है मगर अब तक डोडक़ी सोसायटी में डीएपी खाद नहीं पहुंचने पर उन्होंने निजी दुकान से महंगे दाम पर डीएपी खाद खरीद कर बोनी का कार्य किया डोडक़ी में वर्तमान में यूरिया खाद भी नहीं है।

 ग्राम के प्रगतिशील कृषक जीवन वर्मा ने बताया वे धमधा मार्केटिंग भी डीएपी खाद पता करने गए थे वहां भी नहीं मिला सहकारी समितियों में समय पर खाद नहीं मिलने पर किसानों ने अधिक दाम पर बाजार में निजी दुकानों से डीएपी खरीद कर बोनी किया समितियों में इस बार डीएपी की सप्लाई नहीं होने से किसानों को परेशान होना पड़ा।

उपसंचालक कृषि से मिली जानकारी के अनुसार जारी रबी सीजन में 23600 टन विभिन्न प्रकार के खाद वितरण का लक्ष्य है। इसके विरुद्ध वर्तमान 18352 टन खाद उपलब्ध है। इनमें 9527 टन का वितरण हो गया है, जबकि गत वर्ष रबी में आज की तिथि में 7692 टन खाद का वितरण हुआ था अर्थात गत वर्ष के मुकाबले विभिन्न प्रकार के खाद का इसबार 1835 टन अधिक खाद का वितरण हुआ है।

इसी प्रकार रबी 2024-25 में 4800 टन डीएपी वितरण का लक्ष्य है। इसके विरुद्ध वर्तमान में 3992 टन डीएपी उपलब्ध है। इनमें 2542 टन डीएपी का वितरण हो चुका है जबकि गत वर्ष आज की तिथि में 2471 टन का वितरण हुआ था। वहीं यूरिया का 11000 टन वितरण का लक्ष्य वर्तमान में उपलब्ध 7089 टन यूरिया में से 4087 टन का वितरण किया जा चुका है जबकि गत वर्ष आज की तिथि में 3190 टन यूरिया का वितरण हुआ था।


अन्य पोस्ट