दुर्ग

शराब ठेकेदार के घर 34 लाख की चोरी, 3 गिरफ्तार
03-Jan-2025 3:10 PM
शराब ठेकेदार के घर 34 लाख की चोरी, 3 गिरफ्तार

नकबजनी कर पुलिस से बचने टावर पर चढ़ा था आरोपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 जनवरी।
विवेकानंद नगर कोहका निवासी शराब ठेकेदार के मकान से चोरी करने वाले आदतन बदमाश व उसकी मां सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनसे चोरी का 34 लाख के सोने एवं चांदी के आभूषण, डीएसएलआर कैमरा चोरी में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। इनकी पहचान के लिए पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी को खंगाला था, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की है।

सेक्टर 6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने खुलासा करते हुए बताया कि प्रार्थी अरविंद सिंह ने स्मृति नगर चौकी पुलिस को सूचना दिया गया कि 23 से 28 दिसंबर के मध्य परिवार सहित बाहर गये हुए थे। इस दौरान उसके घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना की सूचना प्राप्त हुई। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया। इस मामले में एसीसीयू प्रभारी तापेश नेताम, एवं गुरविंदर सिंह चौकी प्रभारी स्मृति नगर के नेतृत्व में एसीसीयू एवं चौकी स्मृतिनगर की एक संयुक्त टीम गठित की। घटना स्थल से फींगरप्रिंट लिया गया एवं डॉग स्कॉट टीम से घटना स्थल का परीक्षण कराया गया तथा आस पास लगे सीसीटीवी के विगत पांच दिनों के फुटेज की बारीकी से जांच की, जिसमें 26 एवं 27 दिसम्बर के मध्य रात्रि दो अज्ञात संदेहियों को घर के अंदर प्रवेश करते एवं बाहर निकलते देखा गया। टीम ने त्रिनयन ऐप के माध्यम से आसपास के क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी फूटेज का बारिकी से अवलोकन कर चोरों के आने एवं जाने का मार्ग सुनिश्चित किया गया। आसपास क्षेत्र के पूर्व नकबजनों को हुलिये के आधार पर पता साजी की गई।

इसी दौरान सीसीटीवी फूटेज पर पूर्व नकबजन राहुल बंसोड़ (23) निवासी बाबादीप सिंह नगर चंदन पारा वैशाली नगर के जैसा हुलिया दिखाई दिया। टीम ने संदेही राहुल बंसोड की दिनचर्या पर नजर रखा गया तो उसके द्वारा अत्यधिक पैसे खर्च करना पाया गया। पुलिस टीम द्वारा उक्त आरोपी को बड़ी सावधानी पूर्वक निगाह रखकर घेराबंदी कर पकडा गया क्योंकि यह आरोपी पूर्व में चोरी की वारदात को अंजाम देने पश्चात पुलिस से पकडे जाने के डर से मोबाईल टावर पर चढक़र कूद जाने की धमकी दिया था। उक्त संदेही को पकड कर पूछताछ करने पर अपने साथी प्रदीप कुमार चौधरी उर्फ अमन (19) निवासी कैम्प 01 वृन्दा नगर जो कि पूर्व में भी इसके साथ चोरी किया था अपराध करना स्वीकर किया। पत्रवार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर, एडिशनल एसपी अभिषेक झा ,उप पुलिस अधीक्षक (क्राईम) हेम प्रकाश नायक, भिलाईनगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी,दुर्ग सीएसपी चिराग जैन उपस्थित थे।

दुर्ग एसपी श्री शुक्ला ने बताया कि एसीसीयू की टीम ने आरोपी प्रदीप को भी पकड कर पूछताछ किया गया। दोनों आरोपियों ने 26- 27 दिसंबर की मध्य रात्रि विवेकानंद नगर सुपेला में उपरोक्त घर में घुस कर चोरी करना स्वीकर किया। आरोपियों द्वारा घर के बाहर लगे ताले को तोडक़र अन्दर प्रवेश कर आलमारी को तोडक़र आलमारी में रखे सोना एवं चांदी के जेवरात, डीएसएलआर कैमरा, सीसीटीव्ही कैमरे का डीवीआर को चोरी करना बताया। आरोपी राहुल ने चोरी के सोने चांदी के जेवरात और सामानों को अपनी मां किरण बंसोड ( 45) के पास छिपाने के लिए दिया था, जिसे उसके घर जाकर उसकी मां से बरामद किया गया। आरोपियों के पास से सोने के आभूषण वजनी लगभग 374 ग्राम कीमती 31 लाख 26 हजार रू.एवं चांदी के आभूषण वजनी 2 किलो ग्राम कीमती 1 लाख 80 हजार, डीएसएलआर कैमरा 1 कीमती 50 हजार रू., एक छोटा कैमरा कीमती 20000रू, दो स्मार्ट वाच कीमती 10,000रू. एवं एक मोबाईल टैबलेट कीमती 15 हजार रू./घटना में प्रयुक्त लाल रंग की स्कूटी 1, कीमती 50000रू।


अन्य पोस्ट