दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 जनवरी। आरक्षण की कार्रवाई स्थगित होने के बाद अब 1 जनवरी 2025 की आर्हता के आधार पर निर्वाचक नामावली तैयार करने कवायद शुरू हो गई है। जिसके तहत त्रिस्तरीय पंचायत व नगरीय निकाय आम निर्वाचन के लिए मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जाएगा। इस हेतु राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्वाचक नामावली तैयार करने द्वितीय चरण का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। घोषित कार्यक्रम के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत व नगरीय निकाय आम निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने निर्वाचक नामावली का 31 दिसंबर को प्रारंभिक प्रकाशन के साथ दावा एवं आपत्तियां प्राप्त करना शुरू हो जाएगा। उसी दिन मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को निर्वाचक नामावली उपलब्ध करा दिया जाएगा। 6 जनवरी 2025 दोपहर 3 बजे तक दावे-आपत्तियां प्रस्तुत किए जा सकते हैं। जनवरी तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा।
इसी प्रकार प्रारूप क-1 में 10 जनवरी तक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा प्रस्तुत किए जा सकते हैं। प्रारूप क-1 में प्राप्त दावा का निराकरण 11 जनवरी तक किया जाएगा। दावा आपत्तियों के निराकरण के विरुद्ध अपील निराकरण आदेश पारित होने के 5 दिवस के भीतर की जा सकती है। परिवर्धन, संशोधन, विलोपन के प्रकरणों की साफ्टवेयर में प्रविष्टि कर चेकलिस्ट का निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जांच करवाकर पीडीएफ मुद्रण के लिए जिला कार्यालय को 14 जनवरी तक सौंप दिया जाएगा।
साथ ही अनुपूरक सूची का मुद्रण कर इसे मूल सूची के साथ संलग्न किया जाएगा। विधानसभा की अद्यतन मतदाता सूची में दर्ज अनुसार ही मतदाताओ के नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विधानसभा की निर्वाचक नामावली की अद्यतन सूची में 1 जनवरी 2025 की स्थिति में पात्र (18 वर्ष पूर्ण कर चुके) सभी मतदाताओं की जानकारी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के माध्यम से ग्राम पंचायतवार एवं वार्डवार विभाजित कर सभी प्राधिकृत कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जाएगी। प्राधिकृत कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि विशेष अभियान चलाकर सभी पात्र मतदाताओं अर्थात 1 जनवरी 2025 की स्थिति में विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के नाम दर्ज करने मतदाताओं संपर्क करने निर्देशित किया गया है।