दुर्ग

डामर प्लांट हादसे में मजदूर की मौत, परिजनों का हंगामा
01-Jan-2025 3:10 PM
डामर प्लांट हादसे में मजदूर की मौत, परिजनों का हंगामा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 जनवरी।
दुर्ग जिले के नंदिनी थाना अंतर्गत बानबरद स्थित अनमोल कंट्रक्शन डामर प्लांट में एक मजदूर हाईवा में बुरी तरह से चपेट में आ गया। सर एवं पैर के बुरी तरह से कुचलने से घटना स्थल पर ही मजदूर की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने वहां जमकर हंगामा किया। नंदिनी पुलिस ने डामर प्लांट के मालिक से बात कर पीडि़त परिवार को तत्काल मुआवजा राशि दिलवाया, जिसके बाद पंचनामा कर शव को मौके से उठाया गया।

नंदिनी थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि बानबरद से डोंगरिया रोड में अनमोल कंस्ट्रक्शन नाम से डामर प्लांट स्थित है। यहां मंगलवार दोपहर 12 बजे के करीब वहां काम कर रहे मजदूर अशोक कोसरे पिता गोकुल कोसरे (45 साल) गाड़ी में डामर लोडिंग के समय हाईवा की चपेट में आ गए। हाईवा उसके ऊपर से गुजर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हाईवा को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाईवा में डामर लोड हो रहा था। इसी दौरान उसने जैसे ही उसे बैक किया बाएं तरफ डामर समेटने में लगा मजदूर अशोक कोसरे उसकी चपेट में आ गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मजदूर के परिजन वहां पहुंच गए। नंदिनी पुलिस ने पहुंचकर शव को उठाने की कोशिश की तो परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं माने और हंगामा करते रहे। इसके बाद प्लांट के सुपरवाइजर और परिजनों के बीच मुवावजे को लेकर बात चली प्लांट संचालक ने तत्काल 60 हजार रुपए मुआवजे के रूप में परिजनों को दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव को दोपहर 2 बजे के करीब दुर्घटना स्थल से उठाया गया।

अनमोल कंस्ट्रक्शन डामर प्लांट में मजदूरों के सुरक्षा की पूरे तरीके से अनदेखी की जाती है,बिना हेलमेट एवं सुरक्षा उपकरणों के मजदूरों से काम कराया जाता है,आज हादसे में यदि मजदूर हेलमेट पहनकर काम करता तो सर कुचलने से बच जाता जिससे मजदूर की जान बच सकती थी। कुछ दिनों से तबियत खराब के कारण छुट्टी में था आज ही काम में गया था। मृतक अपने घर मे काम करने वाला अकेला है,मृतक के परिवार में दो लडक़ी और एक लडक़ा है,मृतक के जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
 


अन्य पोस्ट