दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 दिसंबर। किसान मोर्चा भाजपा के जिलाध्यक्ष विनायक ताम्रकार ने कहा कि मंडी टैक्स में छूट से मिलर और किसान खुश है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सशक्त नेतृत्व और दूरदर्शी निर्णय से राज्य के धान उत्पादक किसान और राइस मिलर खुश है।
उन्होंने कहा कि धान के कटोरा के नाम से पहचान बनाने वाले छत्तीसगढ़ को धान विक्रय और चावल निर्यात के क्षेत्र में मंडी टैक्स छूट और किसान कल्याण मंत्रालय टैक्स छूट से फायदा होगा। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश से गैर बासमती चावल के देश से बाहर निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए मंडी शुल्क एवं कृषक कल्याण शुल्क से पूर्णता एक वर्ष के लिए छूट प्रदान की है, जो राहत दी गई है उसका असर पूरे कृषक एवं मिलर को होगा। उसी प्रकार सरकार द्वारा सहकारी समिति से खरीदे गए धान को भी समर्थन मूल्य पर मिलर को बैंक गारंटी के माध्यम से समर्थन मूल्य पर निर्यात के लिए दिया जाए। सरना प्रजाति का धान अरवा मिलर को पूर्ण बैंक गारंटी से दिया जाए और मोटा महामाया और चेफ्टी गुरुमटिया धान जो पोहा मिल वाले का भी पंजीयन कर बैंक गारंटी के माध्यम से धान दिया जाए और आईआर. सफारी धान को उसना राइस मिलरों को निर्यात के लिए समर्थन मूल्य पर बैंक गारंटी के माध्यम से दिया जाए, जिससे धान का निष्पादन पूर्ण रूप से हो जाएगा।