दुर्ग
होटल, मॉल और लॉज पर पुलिस की पैनी नजर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 दिसंबर। पुलिस ने नए साल के जश्न के नाम पर हुड़दंग करने वाले लोगों पर लगाम कसने की तैयारी की है। इसके लिए सभी थाना प्रभारी,चौकी प्रभारी को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही थाने की पेट्रोलिंग और डायल 112 शहर में अलग-अलग प्वाइंट पर तैनात करने के आदेश जारी कर दिए है। इसके अलावा अतिरिक्त पेट्रोलिंग शहर में दौड़ती नजर आएगी।
लोग नए साल के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। नववर्ष के स्वागत के लिए तरह-तरह की प्लानिंग भी की गई है, लेकिन इस बार नए साल 2025 के आगमन का जश्न मनाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर है। शहर एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि नए साल के जश्न के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। होटलों तथा आयोजन स्थलों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। अलग-अलग प्वाइंट में जांच अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बिना नंबर, तीन सवारी, शराब पीकर,मॉडिफाइड,प्रेसर हॉर्न,साइलेंसर लगी वाहन और दीगर प्रदेश वासिग वाहनों की चेकिंग की जाएगी। शहर एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि नए साल के मौके पर अपराध को नियंत्रित करने और होटल,मॉल और लॉज पर पुलिस पैनी नजर बनाए हुए है। न्यू ईयर को लेकर जिले में होने वाले सेलिब्रेशन और पार्टियों को लेकर दुर्ग पुलिस चौकस है। इसके लिए हर एक थाने को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
इन स्थानों पर की जाएंगी चेकिंग
कुम्हारी, सिरसा गेट, अंडा चौक, खुर्सीपार गेट, मुर्गा चौक, बेरोजगार तिराह, पावर हाउस, सीएसपी कार्यालय के सामने, सुपेला चौक, नेहरुनगर, गुरुद्वारा चौक, सूर्या मॉल चौक, सेक्टर-9 चौक,बोगदा पुलिया,छावनी चौक,कृष्णा टॉकीज तिराह,मैत्री बाग तिराह,जेवरा-सिरसा रोड के सामने,पटेल चौक,वायशेप ब्रिज,ग्रीन चौक,पुलगांव चौक, अंजोरा चौकी के सामने,महाराजा चौक।