दुर्ग

विचक्षण जैन विद्यापीठ कुम्हारी ने हर्षोल्लास के साथ मनाया सातवां वार्षिकोत्सव
30-Dec-2024 5:07 PM
विचक्षण जैन विद्यापीठ कुम्हारी ने  हर्षोल्लास के साथ मनाया सातवां  वार्षिकोत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 30 दिसंबर।
विगत दिनों स्थानीय विचक्षण जैन  विद्यापीठ में सांस्कृतिक धारा सृजन- 2024  वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। बच्चों ने सभी विषयों के शैक्षणिक उद्देश्यों को दर्शाने वाले मॉडल्स तैयार कर अतिथियों और अभिभावकों को अचंभित कर दिया।

कार्यक्रम  के मुख्य अतिथि के रूप में सर्वोच्च प्रशासनिक पद पर आसीन धमतरी की कलेक्टर नम्रता  गांधी उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि के रूप में श्री नरेंद्र चोपड़ा और  शांतिलाल चोपड़ा दुर्ग उपस्थित थे।

स्वागत गीत के पश्चात् दीप प्रज्जवलन और मंगलाचरण के साथ सृजन 2024 का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में बच्चों में जोश भरते हुए विद्यापीठ के वार्षिकोत्सव की शुभकामनायें दीं।

समारोह में विचक्षण जैन विद्यापीठ प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेश सावनसुखा सहित सभी माननीय सदस्य और प्राचार्य संजय मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया।
इसके पश्चात प्राचार्य ने विद्यालय की प्रगति और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया उन्होंने कहा कि भारतीय त्योहारों और परंपराओं की सार्थकता के लक्ष्य पर आधारित यह वार्षिकोत्सव हर पर्व की सुरभि बिखेरता हुआ  निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि  शिक्षकों एवं अन्य विभागीय सदस्यों के सहयोग से आयोजन पूर्णत: सफलता के मुकाम पर पहुँच गया है। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं नाटिका ने उपस्थित जनसमूह को मन्त्रमुग्ध कर दिया आयोजन में प्रत्येक क्षेत्र में विद्यापीठ का गौरव बढ़ाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। दुर्ग शाखा के बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति के पश्चात कुम्हारी के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यापीठ प्रबंधन समिति के संयुक्त सचिव विजय मालू ने धन्यवाद ज्ञापन और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में  उपस्थित विशाल  जनसमूह ने इस कार्यक्रम का आनंद लिया।


अन्य पोस्ट