दुर्ग

सूने मकान में चोरी, जेवर-नगदी पार
30-Dec-2024 3:50 PM
सूने मकान में चोरी, जेवर-नगदी पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 दिसंबर।
कोहका क्षेत्र में अज्ञात चोर ने एक सूने मकान से लगभग 800 ग्राम सोना, चांदी के कई जेवर व सामान तथा 70 हजार रुपए कैश पर हाथ साफ कर दिया। घर के चारों ओर सीसी टीवी कैमरे लगे हैं और बिहार में घर का मुखिया ऑनलाइन फुटेज वॉच भी करता था। जिस दिन चोर घुसे कैमरों का डीबीआर भी उठा ले गए। 

रविवार को परिवार बिहार से लौटा और इसकी शिकायत सुपेला थाने में की है। सुपेला पुलिस ने बताया कि विवेकानंद नगर कोहका सडक़ 5 में रहने वाले अरविंद सिंह अपने परिवार के साथ 22 दिसंबर को बिहार रवाना हुए। घर पर फिश एक्वेरियम है और रोज नौकरानी मछलियों को दाना खिलाने आती है। यही नहीं घर पर लगे कैमरों को अरविंद सिंह रोज बिहार से वॉच भी करता था। 

वॉचिंग के दौरान 26 दिसंबर को घर के बाहर की लाइट ऑफ दिखी। अरविंद सिंह ने सोचा कि नौकरानी ने बंद कर दिया होगा। इसके बाद दूसरे दिन 27 दिसंबर को कैमरा ही बंद हो गया। शक होने पर अरविंद सिंह ने अपनी नौकरानी को देखने कहा।

28 दिसंबर यानी शनिवार को जब नौकरानी घर पहुंची तो घर का ताला टूटा हुआ था। इसके बाद इसकी जानकारी अरविंद सिंह को दी। अरविंद सिंह पड़ोसियों से जानकारी ली तो पड़ोसियों ने भी ताला टूटने की बात बताई। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। अरविंद सिंह भी अपने परिवार के साथ वापसी की और रविवार तडक़े भिलाई पहुंचे। मकान मालिक की मौजूदगी में पुलिस ने जांच पूरी की। मकान मालिक अरविंद सिंह ने पुलिस को बताया कि घर से लगभग 700 से 800 ग्राम सोना गायब है। चांदी के जेवर व अन्य चांदी के सामान गायब हैं। अलमारी में 70 हजार कैश रखा था वह भी नहीं दिख रहा।

मकान मालिक द्वारा कुल मिलाकर घर से लगभग 90 लाख की चोरी की बात कही जा रही है। इधर पुलिस ने पूरे घर की तलाशी ली। चोर घर से सीसी टीवी कैमरों का डीबीआर भी उठा ले गए। पुलिस ने डॉग स्क्वाड को भी बुलाया। फिलहाल पुलिस द्वारा आसपास के अन्य सीसी टीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
 


अन्य पोस्ट