दुर्ग

प्रेमी जोड़े ने की खुदकुशी, पटरी पर मिली लाश
28-Dec-2024 2:55 PM
प्रेमी जोड़े ने की खुदकुशी, पटरी पर मिली लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 दिसंबर।
गुरुवार की देर रात प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली है। डाउन लाइन पर सुपेला अण्डरब्रिज के बाजू में पोल नंबर 859/18 के पास दोनों का क्षत-विक्षत शव पाया गया है। युवती की पहचान राजीव नगर जोन -2 बीएमवाय चरोदा की श्रेया फर्नांडीज (26), मृतक युवक राहुल कुमार सिंह (30) के रूप में हुई। 

पुलिस ने बताया कि युवती की पहचान चरोदा जोन-2 रेलवे कालोनी से लगे झुग्गी-बस्ती राजीव नगर में रहने वाली श्रेया फर्नांडीज के रूप में हुई थी। उसके साथ मौत को गले लगाने वाला युवक राहुल कुमार सिंह पहले से विवाहित है। राहुल शेयर मार्केट में काम करता था। जानकारी के मुताबिक श्रेया पहले चरोदा के ही रुद्रा मोबाइल में काम करती थी। पिछले दो-तीन महीने से सुपेला में किसी मोबाइल शॉप में काम कर रही थी। दोनों के बीच कब से प्रेम संबंध था और एक साथ मौत को गले लगाने की वजह का फिलहाल कोई खुलासा नहीं हो सका है। सुपेला पुलिस हर पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को दिशा दे रही है।

युवती के परिजनों के मुताबिक श्रेया फर्नांडीज 26 दिसंबर को सुबह 11 बजे चरोदा से स्कूटी में कार्यस्थल सुपेला के लिए निकली थी। घर लौटने में देरी हुई तो रात में श्रेया को पिता ने फोन किया तो उसने थोड़ी देर में निकलने की जानकारी दी। काफी देर बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो फिर से कॉल लगाने पर फोन स्विच ऑफ बताने लगा। सुबह उसकी मौत की खबर मिली। 

जानकारी के मुताबिक श्रेया की दो महीने बाद शादी होने वाली थी। जिस लडक़े से शादी होनी थी उसे श्रेया ने ही पसंद कर अपने घरवालों को बताया था।
 


अन्य पोस्ट