दुर्ग

पीडीएस का चावल राइस मिल में खपाने की शिकायत, जांच
27-Dec-2024 3:38 PM
पीडीएस का चावल राइस मिल में खपाने की शिकायत, जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 27 दिसंबर। पीडीएस का चावल राइस मिल में खपाने ले जाने की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने आज फिर कार्रवाई की। विभाग की टीम ने मामले में 22 कट्टों में भरकर रखे 11 क्विंटल चावल जब्त की है। उक्त चावल सहित इसे जिस वाहन से परिवहन किया जा रहा था उसे पुलिस अभिरक्षा में मोहन नगर थाने परिसर में रखा गया है। पिछले दो सप्ताह के अंदर पीडीएस का चावल बाजार में खपाने की शिकायत के मामले में लगातार कार्रवाई हो रही है। जानकारी के अनुसार वाहन बजाज मेक्जिमा क्रमांक सीजी 07 सी 09172 में भिलाई से परिवहन कर लाया जा रहा था, जिसे बजरंग दल के कार्यकताओं ने पीडीएस का चावल बताते हुए एक राइस मिल में खपाने ले जाने की शिकायत 108 पर की, जिसे डीमार्ट के पास से पकडक़र पुलिस ने मोहन नगर थाना लाया, जहां पुलिस की सूचना पर पहुंची खाद्य विभाग के टीम में शामिल खाद्य निरीक्षक दीपा वर्मा एवं टिकेश्वर साहू ने इसे जब्त कर कार्रवाई करते हुए इसके नमूने लिए।

गौरतलब है कि इसके पूर्व पीडीएस चावल व्यापारियों द्वारा खपाने की शिकायत पर15 दिसंबर को खाद्य महकमा की टीम ने मामले में 21 क्विंटल चावल एक राइस मिल से जब्त की है। टीम द्वारा जब्त चावल पुलिस की सुपुर्दगी में देकर आगे की कार्रवाई जारी है। इसी प्रकार 18 दिसंबर को भी जेवरा सिरसा क्षेत्र से दो वाहनों भरे 22 क्विंटल चावल जब्त किए थे जो पुलगांव थाने में चावल सहित पुलिस अभिरक्षा में रखे गए हैं। खाद्य नियंत्रक टी.एस. अत्री का कहना है कि जब्त किए गए चावल की नमूना लेकर विश्लेषण के लिए नान को भेजा गया है। नान की विश्लेषण रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट