दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 दिसंबर। गांव में हो रहे मंडाई में सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के दौरान धक्का लगने की बात को लेकर विवाद में आरोपियों ने धारदार हथियार चाकू से प्राण घातक हमला कर दिया। इससे प्रार्थी के भाई को सिर, चेहरे, गले, पीठ आदि में गंभीर चोटे आई और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया।
प्रार्थी की शिकायत पर अंजोरा चौकी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109 (1), 3 (5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि 25 दिसंबर को ग्राम बिरेझर भाटा में मंडई का कार्यक्रम हो रहा था, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन था।
सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए प्रार्थी सतीश देशमुख अपने बड़े भाई इंद्रेश देशमुख तथा चचेरे भाई तरुण व दोस्तों के साथ गया हुआ था। कार्यक्रम देखने के दौरान धक्का लगने की बात पर गांव के ही भूषण निषाद तथा उसके चाचा टोमन निषाद प्रार्थी के चचेरे भाई तरुण देशमुख को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट की। सभी एक ही गांव के होने के कारण रिपोर्ट नहीं कराया गया और सभी कार्यक्रम देखने में लगे थे। कुछ देर बाद आधी रात को भूषण निषाद अपने चाचा टोमन निषाद के साथ मिलकर इंद्रेश देशमुख को प्राथमिक स्कूल बिरेझर भाटा के पास बुलाकर ले गए। जिसे देखकर प्रार्थी व उसके दोस्त लोग भी पीछे-पीछे गए।
भूषण निषाद अपने चाचा टोमन निषाद के साथ मिलकर इंद्रेश के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट किये। इसके बाद भूषण निषाद ने जेब में रखे धारदार चाकू को निकाल कर इंद्रेश पर प्राण घातक हमला कर दिया। इससे इंद्रेश को गंभीर चोटे आई। सभी लोगों ने बीच बचाव किया अन्यथा इंद्रेश की जान भी जा सकती थी। प्रार्थी एवं उसकी दोस्तों ने इंद्रेश देशमुख को पहले अंजोरा चौकी लेकर गए उसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।