दुर्ग

शादी का झांसा देकर रेप, कोर्ट ने दिए एफआईआर के निर्देश
27-Dec-2024 3:00 PM
शादी का झांसा देकर रेप, कोर्ट  ने दिए एफआईआर के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 दिसंबर।
कोर्ट के आदेश पर रेप पीडि़ता को न्याय मिला है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दुर्ग अंकिता तिग्गा के आदेश पर आरोपी जनार्दन राव के विरुद्ध जामुल थाना में अपराध दर्ज कर 15 दिनों के भीतर कोर्ट को सूचित करने का निर्देश दिया है। पीडि़ता की ओर से कोर्ट में यह परिवाद अधिवक्ता वैभव मुदगल द्वारा प्रस्तुत किया गया था।

पीडि़ता के अधिवक्ता वैभव मुदगल ने बताया कि आरोपी जनार्दन राव पिता ए.बी. राव कैलाश नगर जामुल भिलाई निवासी प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। उसकी जीवन साथी डाटकॉम के माध्यम से पीडि़ता के साथ वर्ष 2021-22 में जान पहचान हुई थी। उसके बाद से आरोपी द्वारा पीडि़ता के सामने विवाह का प्रस्ताव रखकर अपने घर वालों से चर्चा कर लेने के पश्चात विवाह का निर्णय लेने की बात कही गई थी। आरोपी द्वारा पीडि़ता पर दबाव बनाकर जयपुर राजस्थान चलकर वहां विवाह करने के बाद भिलाई वापस आने की बात कही गई थी। जिस पर पीडि़ता आरोपी के प्रलोभन में आ गई और 17 नवंबर 2022 को राजस्थान के जयपुर जाकर किराए के मकान में रहने लगी। 

आरोपी ने पीडि़ता की इच्छा के विरुद्ध जबरदस्ती अनाचार किया और बेहोशी की दवा देकर बेहोशी की हालत में ही पीडि़ता की अश्लील फोटोग्राफ्स लेकर फोटो वायरल कर देने की बार-बार धमकी देता था। पीडि़ता के माता-पिता द्वारा उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट जामुल थाना में दर्ज कराई गई थी। इसके पश्चात पीडि़ता का कथन लिया गया था। 

आरोपी पीडि़ता को फोटो वायरल कर देने की धमकी देकर उसे पुना लेकर गया और होटल के कमरे में बंद कर दिया था। किसी तरह पीडि़ता होटल के कमरे से बाहर निकल कर पुलिस तक पहुंची थी और अपने परिजनों की मदद से 7 मई 2024 को भिलाई अपने निवास पहुंची। पीडि़ता ने अपने साथ हुए अनाचार की घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक से भी की थी लेकिन पुलिस से पीडि़ता को कोई सहयोग नहीं मिला जिसके चलते पीडि़ता ने अपने अधिवक्ता वैभव मुदगल के माध्यम से दुर्ग न्यायालय में धारा 175 (3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता का परिवाद प्रस्तुत किया था।


अन्य पोस्ट