दुर्ग

युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
26-Dec-2024 3:10 PM
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 26 दिसंबर।  पुरानी भिलाई थाना अंतर्गत देर रात सिरसा कला गांव में बरगद के पेड़ पर चढक़र एक युवक ने अपने शर्ट को फंदा बनाकर फांसी लगा लिया। ग्रामीणों ने रात में ही एक बाहरी युवक के पेड़ पर चढ़े होने की सूचना भिलाई-3 पुलिस को दी।

पुलिस टीम ने युवक को पेड़ से उतरकर अपनी समस्या बताने को कहा। युवक नहीं उतरा तो आधी रात को पुलिस लौट गई। बुधवार की सुबह पेड़ पर फांसी के फंदे में युवक की लटकती लाश मिलने से सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम को एक युवक को सिरसा कला गांव के बीच स्थित गायत्री मंदिर परिसर के बरगद पेड़ के पास बैठा देखा गया। युवक खुद को झारखंड का निवासी बता रहा था। रात गहराने पर युवक पेड़ के काफी ऊपर चढ़ गया। ग्रामीणों को जानकारी हुई तो उसे पेड़ से उतरकर नीचे आने की आवाज दी गई। लेकिन वह लगातार इंकार करता रहा। आखिरकार ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने भी युवक को पेड़ से उतरकर अपनी समस्या बताने को कहा। लेकिन युवक नीचे नहीं आया तो रात लगभग 12 बजे पुलिस वहां से लौट गई। फिर धीरे धीरे ग्रामीण भी अपने घरों में चले गए। इधर आज सुबह युवक की पेड़ की टहनी पर फांसी के फंदे पर लटकती हुई लाश मिली है।

सूचना के बाद पहुंची पुलिस लाश को पेड़ से उतारकर मरच्यूरी में सुरक्षित रखवा कर वारिसान के बारे में पता साजी में जुट गई है। पुरानी भिलाई थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि युवक का हुलिया मजदूर की तरह है और उसकी उम्र 30 से 35 वर्ष के लगभग होगी। उसके पास मोबाइल फोन या फिर उसकी पहचान को प्रमाणित करने वाला कोई दस्तावेज नहीं मिला है। इधर ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि युवक पार्थिवी कॉलेज में आयोजित किसी प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने झारखंड से आया था। परीक्षा सेंटर में देरी से पहुंचने की वजह से उसे प्रवेश नहीं दिया गया तो शराब का सेवन कर गांव में दिन भर घूमता रहा। फिर अंधेरा घिरने के बाद पेड़ पर चढ़ गया। फिलहाल घटना की वास्तविकता मृतक की पहचान होने के बाद ही सामने आने का अनुमान है।


अन्य पोस्ट