दुर्ग

मकान में आग, 40 मुर्गियां खाक
26-Dec-2024 3:02 PM
मकान में आग, 40 मुर्गियां खाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 दिसंबर।
नंदिनी थाना अंतर्गत बानबरद गांव में बीती रात एक मकान आग लग गई। आग से 40 से अधिक मुर्गियां जिंदा जल गईं। बताया जाता है कि मकान में एक लाख रुपए से अधिक कैश रखा था, वह भी जलकर राख हो गया है। नंदिनी पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना बीती देर रात बानबरद गांव की है। राहुल निषाद के घर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन की टीम को तत्काल रवाना किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने वहां पहुंचते ही जलते हुए घर की आग को बुझाने का काम शुरू किया। लपटें चारों ओर से निकल रही थीं। इसलिए बड़ी सावधानी पूर्वक उसके अंदर घुसा गया और पानी व फोम की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। फायर मैन नागेश मार्कंडेय ने बड़ी बहादुरी से घर के अंदर घुसकर आग के बीच से भरे गैस सिलेंडर को बाहर निकाला। यदि वह नहीं निकाला जाता तो बड़ा ब्लॉस्ट हो सकता था और कई घरों को अपनी चपेट में ले लेता। लगभग तीन से चार घंटे की कड़ी मसक्कत के बाद 5-6 अग्निशमन गाड़ी पानी का उपयोग करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। 

फायर ब्रिगेड के आते तक घर में रखे देशी मुर्गी, दो नग कूलर, पानी मोटर, टेलीविजन, झटका मशीन, ऋण पुस्तिका, राशन कार्ड, बैंक पास बुक सहित अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गए। आग लगने का कारण अज्ञात है। आग बुझाने में अग्निशमन दल प्रभारी शरद मेश्राम, अग्निशमन कर्मी डीवहार सिंह, धर्मेंद्र बंजारे, उमाशंकर शामिल थे।
 


अन्य पोस्ट