दुर्ग
दुर्ग, 24 दिसंबर। स्कूल से घर लौट रही मासूम बच्ची का रास्ता रोककर उसके साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 10 के तहत 5 वर्ष सश्रम कारावास तथा 500 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है।
अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी। 9 सितंबर 2023 की शाम को 10 वर्षीय बच्ची स्कूल से अपने घर लौट रही थी। इस दौरान आरोपी साहीन उर्फ साहिल (28) निवासी बॉम्बे आवास उरला थाना मोहन नगर बच्ची का रास्ता रोककर गलत नीयत से छेडख़ानी किया। आरोपी ने कहा कि मेरे से दोस्ती कर लो।
बच्ची ने कहा कि वह घर जाकर अपने पिता से बताएगी तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगा था। घर जाकर रोते हुए बच्ची ने यह बात अपनी मां को बताई। बच्ची ने मां को बताया कि पूर्व में भी आरोपी उसका रास्ता रोकता था और उसे परेशान करता था। इस पर बच्ची के पिता ने थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।