दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 दिसंबर। राज्य सरकार के एक साल पूरे होने पर जिले के विकासखण्डों में आज किसान मेला का आयोजन किया गया। विकासखण्ड मुख्यालय धमधा एवं पाटन के साथ ही दुर्ग विकासखण्ड के ग्राम कातरों में किसान मेला आयोजित की गई। यहां पर क्षेत्रीय विधायक ललित चन्द्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक ललित चन्द्राकर ने जय जवान जय किसान की नारा के साथ प्रधानमंत्री द्वारा इसमें जोड़े गये जय अनुसंधान की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। अन्नदाता किसानों के सम्मान के लिए आज यह सम्मेलन आयोजित किया गया है। राज्य और केंद्र की सरकार किसान हित में लगातार काम कर रही है। किसानों के लिए समर्पित प्रदेश सरकार देश में सबसे अधिक दाम पर उनके उपज खरीद रही है। आज किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। सरकार द्वारा जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। जैविक खेती से उत्पादन में बढ़ोत्तरी होती है। यहां कि जमीन फल फूल की खेती के लिए भी अनुकूल है। प्रदेश सरकार किसानों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में ड्रोन खेती के लिए वरदान साबित होगी।
विधायक श्री चन्द्राकर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के किसानों के नाम पाती को पड़ कर सुनाया। मुख्य अतिथि विधायक श्री चन्द्राकर ने सम्मेलन में उन्नतशील कृषकों को शॉल, श्रीफल भेंट व पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया।
उन्होंने अपने करकमलों से कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं सीसीबी के हितग्राही किसानों को मृदा कार्ड, आईस बाक्स, जॉल एवं ऋण स्वीकृति पत्रक प्रदान किया। उन्नतशील कृषक गंगदेव, कमलनारायण, सजल चन्द्राकर, मेघराज मांडरिया, खोरबहरा पटेल, मुरारी साहू, राजेन्द्र साहू, लक्ष्मण निषाद और अश्वनी सरपे ने प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री के पाती मिलने पर खुश होकर विष्णु सरकार को धन्यवाद दिए। इस अवसर पर एसडीएम एच.सी. मिरी, उपसंचालक कृषि संदीप भोई, उप संचालक मत्स्य सीमा चंद्रवंशी, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता, सीसीबी के हृदेश शर्मा तथा जनपद एवं ग्राम पंचायत के पदाधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी/ कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित थे।