दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 दिसंबर। दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया (भारतीय बौद्ध महासभा) महिला सशक्तिकरण संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश एवं दुर्ग भिलाई के समस्त बौद्ध संगठनों द्वारा भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बोधिसत्व डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के प्रति 18 दिसंबर को राज्यसभा में भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गलत बयानबाजी को लेकर पूरे भारत में बहुजन समाज आक्रोशित हुआ है। उनके इस बयान से उन्हें ठेस पहुंची है। इसी संबंध में दुर्ग, भिलाई शहर में निवासरत बहुजन समाज एवं बौद्ध सामाजिक संगठनों के बीच आक्रोश फैला। इसी आक्रोश को लेकर आज सभी सामाजिक संगठनों द्वारा एक रैली निकाली गई। सभी अंबेडकर अनुयायियों के हाथों में बाबा साहब का फोटो लिए हुए बाबा साहब का जय जयकार जय भीम के नारो से गूंजायमान होता हुआ और अमित शाह मुर्दाबाद और उनके इस्तीफे की मांग करते हुए पटेल चौक में उनका पुतला दहन किया गया। दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ़ इंडिया के राष्ट्रीय ट्रस्टी एस.आर. कानडे ने स्मरण दिलाया कि भगवान राम को मंदिर बनाने का मार्ग डॉक्टर बाबा साहब द्वारा बनाए हुए भारतीय संविधान से ही प्रशस्त हुआ था।
भारतीय बौद्ध महासभा भिलाई की अध्यक्ष सविता मेश्राम, विनोद वासनिक, वासुदेव बंजारे, भूषण नादिया, चंद्रिका रावत, चन्द्रकला तारम, भारती खांडेकर, कल्पना गजभिये, प्रज्ञा कांडे, स्वप्निल बंसोड, अरविंद चौधरी, अनिल जोग, ज्ञानू बागड़े, विजय बोरकर, रामाराव ढोक, शांतनु मरकाम, श्यामलाल साहू, कौशल किशोर वर्मा आदि ने संबोधित किया। प्रदर्शन में पूर्व विधायक अरूण वोरा, पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा सहित अन्य कांग्रेसजन भी शामिल हुए।