दुर्ग
ताला चाबी बनाने के नाम पर घुसते थे घरों में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 दिसंबर। तीन महीने पहले दुर्ग की सिंधी कॉलोनी में हुई बड़ी चोरी के आरोपियों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर दुर्ग पुलिस ने चोरी के मामले का आज खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी निशांत सिंह (43 वर्ष) एमपी और राजू सिंह (49 वर्ष) गुजरात दोनों शातिर चोर हैं। ये सिकली सरदार (झारा) गिरोह के सदस्य हैं तथा ताला-चाबी बनाने का हवाला देकर चोरी करते हैं। इनके द्वारा दुर्ग में 8 लाख 70 हजार रुपए के सोने चांदी के जेवरात की चोरी की गई थी।
एएसपी दुर्ग शहर अभिषेक झा ने बताया कि तीन महीने पहले सविता तलरेजा निवासी सिंधी कॉलोनी दुर्ग ने थाना मोहन नगर में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 सितंबर 2024 को उनके घर में दो सरदार आलमारी की चाबी बना देंगे, कहकर आए और चाबी बनाने के दौरान बातों उलझाकर आलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरातों को चोरी फरार हो गये।
एसपी दुर्ग जितेन्द्र शुक्ला ने एसीसीयू प्रभारी तापेश्वर नेताम, थाना प्रभारी मोहन नगर पारस ठाकुर, सउनि गुप्तेश्वर, राजेश पाण्डेय, प्र.आर. प्रदीप सिंह, आरक्षक अश्वनी यदु, चित्रसेन साहू, नरेन्द्र सहारे की एक विशेष टीम गठित कर मामले की पतासाजी हेतु लगाया गया। टीम के द्वारा सीसीटीवी कैमरा को खंगाला गया तो फुटेज में दो सरदार घटना स्थल के आसपास आते-जाते दिखे। वीडियो फुटेज की सहायता से दोनों सरदारों का आस-पास के लोगों से एवं मुखबिरों को दिखाकर पूछताछ करने पर दोनों सरदार के बाहरी होना पता चला।
पुलिस की राष्ट्रीय समन्वय वाट्सएप ग्रुप में आरोपियों का फुटेज प्रसारित करने पर आरोपियों की पहचान सिकली सरदार राजू सिंह निवासी गुजरात एवं निशांत सिंह निवासी धार इंदौर (मप्र) के रूप में हुई। तत्काल टीम को धार, इंदौर क्षेत्र रवाना किया गया। धार जाकर आरोपयों का पता तलाश करने पर वर्तमान लोकेशन बड़ोदरा में होना पता चला। तब तत्काल टीम बड़ोदरा के लिए रवाना हुई, जहां आरोपियों की पता तलाश के दौरान तेज बारिश का फायदा उठाकर आरोपी वहां से फरार हो गए।
आरोपियों ने अपने सभी मोबाइल नंबर एवं अपने परिवार के सदस्यों का मोबाइल नंबर बदल दिया। पुन: आरोपियों का लगातार पता तलाश किया गया तो आरोपियों का जावरा (म.प्र.) में होने की जानकारी मिली। तत्काल टीम ने जावरा ओम लॉज मप्र पहुंचकर दबिश दी एवं दोनों आरोपियों को को पकड़ा।
दुर्ग की सिंधी कॉलोनी से जेवरात एवं नगदी रकम को चोरी करना आरोपियों ने स्वीकार किया एवं सोने चांदी के जेवरात को रतलाम में जीवन सोनी के पास बेचना एवं कुछ मशरूका छुपा कर रखना बताया।
जीवन सोनी के पता तलाश के दौरान पता चला कि वह दो करोड़ का सोना लेकर फरार है। आरोपियों के विरूद्ध अग्रिम कार्रवाई थाना मोहन नगर से जा रही है।