दुर्ग
कैश और दो मोबाइल ले भागे 4 नकाबपोश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 दिसंबर। देर रात दोपहिया गाडिय़ां लेकर पेट्रोल भरवाने पंप पहुंचे चार युवकों को जब पता कर्मचारियों ने बताया कि पेट्रोल पंप बंद हो चुका है तो वे आगबबूला हो गए। एयर गन और निकाल कर उन्होंने कर्मियों को डराते हुए डंडे से मारा और पेट्रोल बिक्री की रकम कैश 28 हजार रूपये आलमारी से निकाल कर रख लिए। आरोपियों ने मुंह पर गमछा और सिर पर मंकी कैप लगा रखी थी। उन्होंने कर्मचारियों का मोबाइल भी छीना और मौके से निकल भागे। घटना की सूचना पर नंदिनी पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(6) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
नंदिनी थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि दुर्ग जिले के मेडेसरा स्थित बोथरा पेट्रोल पंप के कैशियर छत्रपाल साहू (18 वर्ष) निवासी पथरिया की सूचना पर चार नकाबपोश अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का अपराध दर्ज किया गया है।
कैशियर ने पुलिस को बताया कि वह और गोपाल साहू पेट्रोल पंप में ड्यूटी पर थे। शुक्रवार की रात्रि 10 बजे पेट्रोल पंप को बंद कर पेट्रोल पंप में स्थित आफिस में वो लोग सो रहे थे, तभी रात्रि पौने 1 बजे के लगभग पेट्रोल पंप में एक एक्टिवा और बाईक से 4 लडक़े जिनकी उम्र 25 से 30 साल के मध्य होगी, आए। उनमें से 2 लडक़े जो बाइक पर सवार थे, ऑफिस के पास आवाज दिए। कैशियर और गोपाल उठकर ऑफिस का गेट खोले तो उन्होंने इमरजेंसी बोल कर पेट्रोल गाड़ी में डालने कहा।
जब गोपाल ने बताया कि पेट्रोल पंप बंद हो चुका है वो पेट्रोल नहीं दे सकते तो दोनों लडक़े गाली देने लगे। इसमें से एक युवक चड्डा पहना, उनके चेहरे पर गमछा बंधा हुआ था। दूसरा लडक़ा दुबला पतला छोटा कद चेहरे में मंकी कैप लगाया हुआ था। दोनों एक राय हो धमकाने लगे कि तुम लोग हमें पेट्रोल नहीं दे रहे हो तो रूपये दो।
विरोध करने पर दोनों लडक़े हाथ मुक्का व डंडा से मारपीट करने लगे। अपने पास रखे चाकू से छत्रपाल और गोपाल को एयर गन दिखा डरा धमका कर आफिस में रखे आलमारी के लाकर को तोड़ कर पेट्रोल ब्रिकी का रकम लगभग 28 हजार कैश, छत्रपाल और गोपाल की जेब से मोबाईल फोन छीन कर अपने साथ ले गए। उनके साथ आए 2 अन्य लडक़े आफिस के बाहर ही खड़े थे जो कद में छोटे थे। वे लोग भी अपने मुंह में कपड़ा बांधे हुए थे।
मारपीट करने से छत्रपाल के पैर, हाथ तथा चेहरे में चोट आई है। आरोपियों के भागने के बाद छत्रपाल ने घटना की जानकारी पेट्रोल पंप के मैनेजर गुलाब सोनी को दिया और उसने मालिक रजनीश शर्मा को फोन कर बताया।
सभी देर रात नंदिनी थाना पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस टीम आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है।