दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 दिसंबर। भारतीय राजनीति के मोती कहे जाने वाले महान हस्ताक्षर, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यपाल, और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा की जन्म जयंती पर दुर्ग में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
राजेंद्र पार्क चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर दुर्ग कांग्रेस कमेटी और शहरवासियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। उनकी जयंती पर कांग्रेस पार्टी के कई राष्ट्रीय नेताओं ने उन्हें याद किया। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और राजस्थान से राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी, उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सांसद एवं लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केरल के वायनाड से लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी ने भी मोतीलाल वोरा की याद में पत्र प्रेषित किया।
छत्तीसगढ़ के भी कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत,पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस बाबा, और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज शामिल हैं, ने उनके आदर्शों और कार्यों को सराहते हुए पत्र के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की।
छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी उनकी प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर उन्हें नमन किया। नेताओं ने कहा कि मोतीलाल वोरा का जीवन सेवा, समर्पण, और सादगी का प्रतीक था। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मोतीलाल वोरा की धर्मपत्नी शांति देवी वोरा, उनके सुपुत्र अरविंद वोरा, अरूण वोरा, दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, जिलाध्यक्ष गया पटेल, मुकेश चंद्राकर, और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
इसके अलावा, धर्मेंद्र यादव, अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, राजकुमार साहू, महिप सिंह भुवल, शंकरलाल ताम्रकार, मदन जैन, रायसिंह ढिकोला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और शहरवासी कार्यक्रम का हिस्सा बने। उनकी जयंती के अवसर पर कई भाजपा नेता, जिनमें वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन, दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर, और दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादव ने भी रायपुर से उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें स्मरण किया।