दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 दिसंबर। निगम में कार्यरत सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर का कचरा नहीं उठ पाया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में सफाई कर्मी अपने 10 सूत्रीय मांगों को लेकर निगम दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। उनके हड़ताल में चले जाने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
डोर टू डोर कचरा कलेक्शन नहीं हो पाया। नालियों की गंदगी साफ नहीं हो पाई। सडक़ों पर झाड़ू भी नहीं चला। जगह-जगह कचरे का ढेर लग गया। दरअसल इस एक दिवसीय हड़ताल में नगर निगम-दुर्ग में प्लेसमेंट से लगभग 1200 सफाई कर्मी एवं 600 मिशन क्लीन सीटी वर्कर सहित कुल लगभग 1800 सफाई कर्मी शामिल हुए थे। प्रदर्शन के बाद निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल से सफाई कामगार मजदूर संघ छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधि मंडल चर्चा के लिए पहुंचा, जहां लोकल स्तर की समस्याओं का निराकरण करने की बात कही गई। इसके बाद संघ द्वारा हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की गई। चर्चा के दौरान धरम नागेश,रवि कुमार सोनी, लक्ष्मी जांगड़े, करण करोसिया, कृष्णा नायक, दीपा जोशी कृष्णा नायक, लंगूर सोनी, सम्राट, मनोज साहू शामिल थे।
संघ के पदाधिकारी रवि सोनी ने बताया कि 10 सूत्रीय मांगों में प्रमुख रूप से प्लेसमेंट एवं मिशन क्लीन सीटी के तहत नियोजित लगभग-1800 सफाई कर्मियों का वेतन हर माह की 10 तारीख तक दिया जाए। उपस्थिति फोटो पर प्रात: पाली में रौशनी के इंतजार में 10-20 मिनट विलंब होने पर कर्मी की अनुपस्थिति दर्ज कर सेवा रोकने स्वास्थय अधिकारी के अवैधानिक कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। प्लेसमेंट सफाई कर्मियों एवं एम.सी.सी. वर्करों को एप्रोन, जुता, हेड ग्लाब्स, हेड मारक, कार्य स्थल पर, फस्र्ट एड बाक्स, साबुन, तौलिया, पानी, ड्रेस आदि तत्काल प्रदान किया जाए।
बीते वित्तीय वर्ष 2014-15, 2015-16 व आगे जब प्लेसमेंट सफाई कर्मचारी सीधे नगर निगम प्रबंधन के नियंत्रण में थे, तब का वेतन से काटे गये भविष्य निधि फंड राशि कां वार्षिक रिर्टन (6-ए) भविष्य निधि संगठन को तत्काल जमा करवाया जाए। ताकि मृत एवं सेवा छोड़ चुके सफाई कर्मियों का भविष्यनिधि फंड राशि का पूरा भुगतान प्राप्त हो सके। इसके अलावा अन्य मांगों पर भी विचार किया गया।