दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 दिसंबर। स्वास्थ्य सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मितानीने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली गई है। प्रदेश स्वास्थ्य मितानीन संघ रायपुर छत्तीसगढ़ के बैनर तले शासकीय जेआरडी स्कूल के सामने स्वास्थ्य मितानीन धरना प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने स्टेट हेल्थ रिसोर्स सेंटर एनजीओ के कर्मचारियों के साथ कार्य नहीं करने कहा है। एनजीओ के कर्मचारियों पर मानसिक तथा आर्थिक शोषण का भी आरोप लगाया है। स्वास्थ्य मितानीने नेशनल हेल्थ मिशन में संविलियन किए जाने की मांग की है। वैसे दुर्ग जिले में 2311 स्वास्थ्य मितानिन कार्यरत है। स्वास्थ्य सेवा अंतर्गत ये मितानिन टीकाकरण, प्रसव, टीवी, कुष्ठ सहित अन्य कार्यों में पिछले 22 वर्षों से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
धरना प्रदर्शन में शामिल स्वास्थ्य मितानिन संघ के जिला अध्यक्ष दुर्गा चंद्राकर ने बताया कि एनजीओ के साथ कार्य करना बेहद ही कठिन है। वहां आर्थिक शोषण किया जाता है। कम पैसे देकर अधिक कार्य कराया जाता है। उन्होंने बताया कि 13 दिसंबर से काम बंद-कलम बंद हड़ताल पर हैं। उसके बाद 16 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया गया है, जिसके तहत धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में सभी मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, ब्लॉक समन्वयक, स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक, एरिया कोऑर्डिनेटर तथा मितानिन हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में संविलियन किया जाए। धरना प्रदर्शन में संघ के प्रदेश सलाहकार नारायण चंद्राकर सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल थे।