दुर्ग

100 मीटर की परिधि तक मादक पदार्थ की बिक्री पूर्णत: प्रतिबंधित हो-संभागायुक्त
18-Dec-2024 4:36 PM
100 मीटर की परिधि तक मादक पदार्थ की  बिक्री पूर्णत: प्रतिबंधित हो-संभागायुक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 18 दिसंबर। दुर्ग संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने मंगलवार को संभागीय कार्यालय के सभाकक्ष में संभागस्तर पर विभागीय समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण मंडल, लोक निर्माण विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, उच्च शिक्षा, पंचायत एवं ग्रमीण विकास, सहकारिता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।

संभागायुक्त राठौर ने शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देशित करते हुए कहा कि अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखे कि शैक्षणिक संस्थाओं से 100 मीटर की परिधि तक किसी प्रकार के मादक पदार्थ की बिक्री पर पूर्णत: रोक लगाया जाना सुनिश्चित करें। मादक पदार्थ बिक्री होते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने पुलिस प्रशासन संपूर्ण सहयोग प्रदान करें।

 

इसी प्रकार संभागायुक्त राठौर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों के जानकारी ली। उन्होंने शासन की महतारी वंदन योजना संबंधित प्रकरणों का निराकरण शीघ्रता से करनेे के निर्देश दिए। पंचायतों से संबंधित कार्यों का मूल्यांकन कर चुनाव से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त राठौर ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी को समिति के साथ समन्वय बनाकर मिलिंग व धान उठाव संबंधी समस्याओं का निराकरण अतिशीघ्रता से करने कहा।

लोक निर्माण विभाग के गतिविधियों की जानकारी लेकर संभागायुक्त ने अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि सडक़ निर्माण के कार्यों को शीघ्र-अतिशीघ्र पूर्ण करने कहा। उन्होंने विशेष रूप से डोंगरगढ़ से खैरागढ़ सडक़ निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने को कहा। साथ ही खराब सडक़ों के मरम्मत का कार्य भी शीघ्रता से पूर्ण करने कहा। इसके अलावा नगपुरा में पुल के ऊपर की सडक़ का मरम्मत शीघ्रता से किया जाना सुनिश्चित करने कहा।

उन्होंने चन्दूलाल चन्द्राकर अस्पताल के मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था करने एवं अस्पताल पंहुच मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने हेुतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से महिला छात्रावास के पास हाई मास्क लाईट लगाने के निर्देश दिए। छात्र एवं छात्राओं की सुविधा के लिए छात्रावास में लिफ्ट लगाने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट