दुर्ग

चोरी का आरोपी गिरफ्तार, शराब भी जब्त
17-Dec-2024 3:27 PM
चोरी का आरोपी गिरफ्तार, शराब भी जब्त

दुर्ग, 17 दिसंबर। गांधी चौक तितुरडीह वार्ड 22 शिव मंदिर के सामने से मोटरसाइकिल की चोरी करने वाले आरोपी को मोहन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वाहन जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी महेंद्र कुमार सेन ने मोहन नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका रायपुर नाका दुर्ग में सैलून दुकान है। 12 दिसंबर की रात 11.30 बजे उसने अपनी मोटरसाइकिल हीरो पैशन प्रो क्रमांक सीजी 07 बी आर 5046 को घर के सामने खड़ी कर हैंडल लॉक कर दिया था। कुछ देर बाद रात में वह घर से बाहर निकला तो देखा उसकी मोटरसाइकिल गायब थी। प्रार्थी की शिकायत के बाद मोहन नगर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक संदेही अमन ठाकुर उर्फ देवेंद्र ठाकुर निवासी मिलन चौक तितुरडीह को पकड़ा। आरोपी ने मोटरसाइकिल की चोरी करना स्वीकारा।

इसी तरह मोहन नगर थाना अंतर्गत इसी तरह कसारीडीह जाने वाले कच्चे मार्ग में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहे आरोपी गजेंद्र को मोहन नगर पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी के पास से 33 पव्वा देसी मदिरा मसाला तथा बिक्री की रकम 270 रुपए को जब्त किया गया है।

पुरानी रंजिश पर मारपीट

दुर्ग, 17 दिसंबर। पुरानी बात को लेकर दो आरोपियों ने प्रार्थिया के भाई के साथ मारपीट की। इससे प्रार्थिया के भाई को चोटे आई और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया। प्रार्थिया की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि पीडि़ता कुमारी स्वाति यादव गया बाई स्कूल के सामने शिव मंदिर के पास वार्ड नंबर तीन निवासी है। वह कपड़ा दुकान में काम करती है। 15 दिसंबर को वह रात में घर में थी। इस दौरान शिव मंदिर के पास मैदान में झगड़ा होने की आवाज आई। जब स्वामी अपनी बहन संध्या यादव को लेकर वहां पहुंची तो देखा कि उसके भाई के साथ आरोपी साहिल ढीमर एवं विजय ढीमर मारपीट कर रहे हैं। आरोपियों ने श्याम यादव के साथ पुरानी दुश्मनी की बात को लेकर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्के एवं पत्थर से चोट पहुंचाई थी।

जेल प्रहरी से मारपीट

दुर्ग, 17 दिसंबर। केंद्रीय जेल दुर्ग में जेल प्रहरी के पद पर कार्यरत प्रार्थी के साथ आरोपियों ने जेल में स्वयं को परेशान करने की बात कहते हुए मारपीट की। इससे प्रार्थी को चोंटे आई। प्रार्थी की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी दिवाकर सिंह पैकरा तिरंगा भवन के पास पद्मनाभपुर दुर्ग निवासी है और वह केंद्रीय जेल दुर्ग में जेल प्रहरी के पद पर कार्यरत है। 15 दिसंबर की दोपहर को अपने साथी कमल साहू के साथ देसी शराब भट्टी पोटिया आया हुआ था। उसी समय वहां पर कसारीडीह का रहने वाला आरोपी रमन यादव जो पूर्व में केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध था वह प्रार्थी से बोला कि तुम जेल प्रहरी हो जेल जाने पर परेशान करते हो यह कह कर गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगा। जब प्रार्थी ने गाली देने से मना किया तो आरोपी रमन यादव द्वारा अपने अन्य साथी अशोक यादव, दादु यादव एवं अन्य के साथ मिलकर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। जिससे प्रार्थी के नाक, कान, सिर व अन्य हिस्सों में चोंटे आई।


अन्य पोस्ट