दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतर्ई, 16 दिसंबर। केंद्रीय विद्यालय सीआईएसएफ भिलाई में वार्षिक क्रीड़ा दिवस का आयोजन किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि दया शंकर, डीआईजी सेंट्रल जोन सीआई एफ एफ थर्ड रिजर्व बटालियन एवं अध्यक्ष विद्यालय प्रमुख समिति, विशिष्ट अतिथि बीआर ढाका सीनियर कमांडेंट सीआईएस एफ भिलाई, एवं विशेष अतिथि सम्मानीया भुवनेश्वरी प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय सीआईएसफ भिलाई थी।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के चारों सदन शिवाजी, टैगोर, अशोक , रमन के विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि महोदय को सलामी मंच से सलामी देते हुए गुजरे।
इसी कड़ी में विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत की। तत्पश्चात विद्यालय की प्राचार्य महोदया ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए कहा कि- खेल के माध्यम से संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास होता है। खेल से हम पूरे विश्व को एक मंच पर लाकर मैत्री भावना का प्रादुर्भाव कर सकते हैं।
खेलों से प्रतिद्वंद्वी के प्रति सम्मान, कभी हार न मानने का रवैया, और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। इससे आत्म नियंत्रण, ईमानदारी, सच्चाई, निष्पक्षता, सहयोग, और सहनशीलता जैसे गुण विकसित होते हैं। सामाजिकता की भावना मजबूत होती है।
खेल समय की पाबंदी और अनुशासन सिखाते हैं जो हमारे शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य के लिए अच्छा है। सिर्फ फिटनेस ही नहीं बल्कि खेल हमें आत्मविश्वास भी देते हैं। इसी कड़ी में उन्होंने केंद्रीय विद्यालय स्थापना दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित किए। इसके साथ ही उन्होंने विगत वर्ष की सभी उपलब्धियां के लिए विद्यालय के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित की। इसी तारतम्य में इस समारोह के माननीय मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
खेल हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह हमें स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास का भी माध्यम है। खेलने से हमारे शरीर की शक्ति बढ़ती है और हम तंदुरुस्त रहते हैं। इसके साथ ही, खेल हमें विज्ञान, मनोविज्ञान, संघटना, अनुशासन और नैतिकता की महत्वपूर्ण शिक्षाएं भी प्रदान करता है।
नियमित रूप से कोई खेल खेलना शरीर को सक्रिय रखने में मदद कर सकता है, चाहे व्यक्ति की उम्र कुछ भी हो। खेल खेलने से बच्चों में नेतृत्व कौशल और गुण प्रदर्शित होते हैं। शारीरिक रूप से सक्रिय होने से मन को शांति मिलती है और सकारात्मकता महसूस होती है। जिससे तनाव कम करने में मदद मिलती है। जब शरीर शारीरिक गतिविधि में लगा होता है, तो मन को नकारात्मक विचारों को बाहर निकालने का एक रास्ता मिल जाता है। इसके बाद मुख्य अतिथि महोदय ने खेल दिवस प्रारंभ की घोषणा किए।
इसके बाद कक्षा पहली से कक्षा बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रकार के खेलों में स्पर्धा का आयोजन किया गया जिसमें एरोबिक, योग , लोक नृत्य और संगीत, एक्शन सॉन्ग, लाइटनिंग ऑफ़ द टॉर्च, ओथ सेरेमनी , विभिन्न कक्षाओं के लिए विभिन्न प्रकार के खेलों व प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत बैलेंसिंग बुक , पेबल्स, गेट रेडी टू स्कूल, स्पून रेस, रिले रेस ,100 मीटर दौड़, 200 ,400 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया।
मार्च पास्ट में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को भी शील्ड व कप प्रदान किया गया। क्रीडा दिवस के संयोजक विद्यालय के कीड़ा शिक्षक डॉक्टर पंकज शुक्ला थे। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।